झारखंड पहुंची कोवैक्सिन की दो लाख डोज, जरूरत अनुसार सभी जिलों में भेजे जाएंगे..

झारखंड में कोरोना वैक्सीन की कमी की खबर के बाद आज इस महामारी से बचाव के लिए कोवैक्सिन की दो लाख डोज झारखंड पहुंची। रांची एयरपोर्ट पर वैक्सीन पहुंचने के बाद पूरी खेप को सीधे नामकुम स्थित वेयर हाउस पहुंचाया गया। अब यहां से सभी जिलों को जरूरत के अनुसार वैक्‍सीन भेजे जाने की कवायद शुरू हो रही है। दूसरी तरफ शुक्रवार यानी कि कल कोविशील्ड वैक्‍सीन के दस लाख डोज झारखंड पहुंचेंगे।

कोवैक्सिन के दो लाख डोज मिलने से राज्य में बाड़ी राहत मिलेगी| अब पहली डोज में भी इसके टीके लग सकेंगे और वैक्सिनेशन अभियान एक बार फिर सुचारू ढंग से चल पाएगा| इसकी अनुपलब्धता के कारण झारखंड में कुछ दिनों से पहली डोज में कोवैक्सिन का टीका नहीं लग रहा था।

इससे पहले कल केंद्र सरकार ने झारखंड के लिए 20 लाख डोज की मंजूरी दी है। इसमें नौ अप्रैल तक 10 लाख डोज मिलने की बात कही गई है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग की थी। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने बताया था कि उन्होंने केंद्र सरकार से कहा है कि झारखंड में टीका के 10 लाख से ज्यादा डोज की आवश्यकता है। अभी एक किस्त में 10 लाख वैक्सीन भेजी जाए।