रांची: तीन अज्ञात अपराधियों ने मारी लड़की को गोली, अपराधी फरार..

रांची के पंडरा में तीन अज्ञात अपराधियों ने एक लड़की को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया है | आपको बता दें कि फायरिंग करने के बाद अपराधी कार में बैठकर मौके से फरार हो गए | शनिवार की देर रात यह घटना पिस्का मोड़ के पास घटी है | वहीं ,आस -पास के लोगों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी | सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन की | हालांकि, अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है |

जानकारी के अनुसार ,पंडरा ओपी के पिस्का मोड़ स्थित गुरुद्वारा के पास एक कार में सवार तीन अपराधियों ने रुचि कुमारी नामक एक लड़की को गोली मार दी है | अज्ञात अपराधियों द्वारा की गई फायरिंग में रुचि को दो गोलियां लगी और जिसके बाद वह जमीन पर गिर पड़ी थी | वहीं , गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग जैसे ही दौड़े, कार में सवार तीनों अपराधी मौके से फरार हो गए | जिसके बाद पुलिस की टीम ने आनन-फानन में रुचि को अस्पताल पहुंचाया | पीड़ित के पैर और हाथ में 2 गोलियां लगी है ,फिलहाल डॉक्टरों ने पीड़ित को खतरे से बाहर बताया है |

आपको बता दें कि पीड़ित रुचि ने बताया कि वह अपने घर के बाहर बैठी हुई थी , तभी कार में सवार तीन अपराधी वहां पहुंचे और अंधाधुंध फायरिंग करना शुरू कर दिया | इससे पहले कि वो भागती, उसे गोली लग गई थी | जानकारी के अनुसार , रुचि कुमारी का मामा विकास सिंह दो दिन पहले ही गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है| पुलिस को शक है कि गांजा तस्करी के विवाद में ही विकास के घर पर फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया गया है |