राज्य के हजारों होमगार्ड आज से हड़ताल पर, रांची में महीने भर से बैठे थे धरने पर..

राजधानी रांची समेत झारखंड के कई अन्य जिलों के होमगार्ड गुरुवार से हड़ताल पर चले गए हैं। हजारों की संख्या में विभिन्न जिलों से होमगार्ड जवान झारखंड विधानसभा के पीछे धरना स्थल पर पहुंच चुके हैं।
अपने मांगों के समर्थन में ये होमगार्ड जवान धरना स्थल पर प्रदर्शन कर रहे हैं। सरकार की ओर से अब तक किसी भी प्रकार की पहल नहीं करने के कारण होमगार्ड जवान बेहद आक्रोशित हैं।

होमगार्ड जवानों के हड़ताल पर जाने से राज्य में विभिन्न सेवाओं पर इसका असर पड़ रहा है। आपको बता दें कि रांची सदर अस्पताल, रिम्स सहित राज्‍य के कई ऐसे संस्थान हैं जहां सुरक्षा का दायित्व होमगार्ड संभालते रहे हैं। अब इनके नहीं रहने के कारण स्थिति खराब हो सकती है। बताया जा रहा है कि राज्य के दूसरे जिलों में होमगार्ड एक दिन पहले ‌ही अपना कामकाज बंद कर चुके हैं। ये सब अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध जता रहे हैं।

गौरतलब है कि ये सभी होमगार्ड जवान अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से विधानसभा भवन के पास धरना प्रदर्शन कर रहे थे। लेकिन इसके बावजूद इनकी मांगों पर अबतक विचार नहीं किया गया। आखिरकार नाराज होकर ये होमगार्ड जवान हड़ताल पर चले गए हैं। विभिन्न जिलों से होमगार्ड जवानों का प्रतिनिधिमंडल रांची पहुंचा है। ये लोग अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके बाद आंदोलन की रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा।