अंतरराष्ट्रीय फ्रेंडली फुटबॉल मैच के लिए भारतीय टीम में गुमला की सुमति चयनित..

झारखंड की एक बेटी ने फिर से राज्य का नाम रोशन किया है। गुमला की उभरती फुटबॉलर सुमति कुमारी का चयन भारतीय सीनियर महिला फुटबॉल टीम में हुआ है। 26 मार्च से आठ अप्रैल (2021) तक उज्बेकिस्तान में अंतरराष्ट्रीय फ्रेंडली फुटबॉल मैचों में सुमति भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। इन मैचों के जरिये भारतीय टीम अगले साल (2022) होने वाले एएफसी वीमेंस एशिया कप की तैयारी परखेगी।

सुमति कुमारी गुमला के भरनो ब्लॉक के लोनडरा गांव की रहने वाली हैं। सुमति के पिता फिरू उरांव और माता सनियारो देवी पेशे से किसान हैं। छह भाई-बहनों में सुमति सबसे छोटी है।

आपको बता दें कि सुमति का चयन इससे पहले भी भारतीय टीम में किया जा चुका है। साथ ही कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व भी कर चुकी हैं। इसी साल 14 से 21 फरवरी तक तुर्की में आयोजित मैत्री मैचों में वो भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी है। इसके अलावा फीफा अंडर-17 महिला फुटबॉल विश्व कप के लिए भी उन्हें संभावित खिलाड़ियों में शामिल किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *