रांची से बरामद हुई हजारीबाग के बहोरनपुर से चुराई गई भगवान बुद्ध की मूर्तियां..

हजारीबाग के सदर प्रखंड स्थित बहोरनपुर से चोरी हुई भगवान बुद्ध की दो मूर्तियां बरामद कर ली गई हैं। पुलिस ने इनमें से एक मूर्ति रांची से बरामद की है। सूत्रों के मुताबिक ये मूर्ति एक राजनीतिक दल के सदस्य के घर से मिला है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस, आज शाम को प्रेस कांफ्रेंस के जरिए पूरे घटनाक्रम की जानकारी दे सकती है।

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक पकड़े गए शख्‍स ने पुलिस को बताया कि उसने मूर्ति पूजा के लिए मंगवाई थी। चोरों ने हजारीबाग से मूर्ति को बैग में छिपाकर बाइक से रांची पहुंचाया था। मूर्ति चोरी का लिंक बिहार से भी हो सकता है तथा मुख्‍य आरोपी झाझा का रहने वाला बताया जा रहा है।

पुलिस फिलहाल इस मामले में ज्‍यादा कुछ नहीं बता रही है लेकिन संभावना है कि शाम तक इस सिलसिले में प्रेस कांफ्रेंस हो सकती है।

इससे पहले इस मामले में पुलिस ने 50 से अधिक लोगों से पूछताछ की थी। इसके लिए एक एसआईटी का भी गठन किया गया था। मामले की मॉनिटरिंग खुद हजारीबाग एसपी कर रहे थे।

ज्ञात हो कि हजारीबाग के सदर प्रखंड के बहोरनपुर गांव में पुरातात्विक विभाग की खुदाई का काम चल रहा है। इसमें खुदाई स्थल से 1 दर्जन से अधिक पाल वंश के समय की मूर्तियां मिली हैं, जो 1000 से 1200 वर्ष पुरानी हैं। इन्हीं मूर्तियों में से दो सबसे आकर्षक भगवान बुद्व की मूर्तियां चोरी हो गईं थीं। इनकी कीमत करोड़ों में बताई जा रही थी।