झमाझम बारिश के साथ चली तेज़ हवा, कई इलाकों में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान..

शनिवार को राजधानी रांची में दिन की शुरुआत बारिश के साथ हुई। वहीं ,आसमान में काले बादल छाये हुए हैं। साथ ही , कई इलाकों में 30 से 40 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। दरअसल ,रांची में शुक्रवार की दोपहर बाद से मौसम में तेजी से बदलाव शुरू हुआ। बदलते मौसम के साथ दोपहर बाद कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई। इसी तरह कुछ इलाकों में बूंदाबांदी भी हो रही थी। आपको बता दें कि ,कचहरी चौक, फिरायालाल, मोरहाबादी में करीब आधे घंटे तक भारी बारिश हुई जबकि कांटाटोली इलाके में करीब दस मिनट तक बारिश हुई थी। वहीं,आईटीआई चौक, धुर्वा के इलाके में हल्की बूंदाबांदी होती रही। भारी बारिश की वजह से सड़कों पर पानी जमा हो गया | साथ ही , रिम्स के गेट के पास जलजमाव भी देखा गया है |

जानकारी के मुताबिक , पिछले 24 घंटे में शहर का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इससे पहले शहर का न्यूनमत तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया और न्यूनतम तापमान में 1.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। दरअसल ,न्यूनतम तापमान गिरने से उमस में कमी हुई है। जिसकी वजह से मौसम सुहाना हो गया है। वहीं ,मौसम विभाग की माने तो 14 से 18 मार्च तक मौसम साफ रहेगा ,लेकिन 17 मार्च से अधिकतम तापमान में आंशिक वृद्धि का अनुमान लगाया गया है। शनिवार को शहर के सभी इलाकों में बारिश हो रही है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि लोग अपने-अपने घरों में ही रहें व अनावश्यक बाहर ना निकलें |

उधर, चतरा में बेमौसम बरसात ने भारी तबाही मचाई है। शुक्रवार की रात तेज हवा के साथ हुई ओलावृष्टि में सैकड़ों एकड़ में लगी फसल नष्ट हो गई। वहीं, दर्जनों मिट्टी के घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इस प्राकृतिक आपदा से किसानों की कमर टूट गई है। किसानों की फसलें पूरी तरह से तैयार थीं, जिसे सिर्फ काटना रह गया था | लेकिन, इसी बीच ओलावृष्टि ने तबाही मचा दी। ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार की रात करीब 7 बजे अचानक तेज हवा चलने लगी। जिसके बाद ओलावृष्टि शुरू हुआ और तकरीबन दस मिनट तक तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। जिससे रबी फसलों के साथ-साथ आम और महुआ का भी बहुत नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो गई है। शनिवार को भी बारिश जारी है और रविवार तक ऐसे ही स्थिति रह सकती है।