किसानों को दी गई राज्य सरकार के कृषि ऋण माफी योजना की जानकारी..

राज्य के किसानों के लिए झारखंड सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिसके तहत सरकार किसानों का 50 हजार तक का कृषि ऋण माफ कर रही है। इस ऋण माफी के लिए किसानों को कुछ जरुरी प्रक्रियाओं से गुजरना होगा। हालांकि ये ऋण एक बार ही माफ किया जाएगा।

ऋण माफी की पूरी प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए शनिवार को बेड़ो प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सभागार में कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में किसानों को ऋण माफी के सभी प्रक्रिया की जानकारी दी गई। कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि यह झारखंड सरकार का महत्वपूर्ण कदम है। प्रत्येक किसान, जिनका 50 हजार तक का कृषि ऋण है, उसे माफ किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इसके लिए किसान को सबसे पहले पास के प्रज्ञा केंद्र में जाना होगा। प्रज्ञा केंद्र में किसान अपने साथ कार्यरत मोबाइल, राशन कार्ड एवं आधार कार्ड लेकर जाना होगा। वहां जाने के बाद किसान अपना खाता चेक करेंगे।अगर उनका खाता दुरुस्त होगा और बैंक मैनेजर खाता से संतुष्ट हो जाएंगे तो किसान अपना आधार से ई-केवाईसी करवा लेंगे और ₹1 का टोकन मनी जमा करके अपनी सहमति देंगे। यह प्रक्रिया निहायत ही सरल एवं आसान है। सभी किसान पत्र प्रज्ञा केंद्र में राशन कार्ड के साथ ही जाएंगे। इस प्रक्रिया के लिए राशन कार्ड अति आवश्यक बनाया गया है। क्योंकि एक राशन कार्ड से एक ही बार लोन माफ किया जा सकता है।

इस कार्यशाला में मुख्य रूप से बीडीओ विजय कुमार सोनी, बीईओ कलिंद्र धनंजय कुमार राय, विधायक प्रतिनिधि नवल किशोर सिंह, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक जनाक सिंह विधायक के बैंक प्रतिनिधि शमशाद एवं कृषि विभाग के प्रतिनिधि वीरेंद्र उरांव उपस्थित थे।