बैंक प्रबंधक की पत्नी ने अपने ही 5 साल के बेटे की कर दी हत्या..

कोल्हान के सरायकेला-खरसावां जिला के राजनगर थाना क्षेत्र की एक ऐसी घटना सामने आई है जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती है। एक माँ ने अपने ही पांच वर्षीय बेटे की हत्या कर शव को घर के अंदर ही रखा था। यह मामला सरायकेला- खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के पोटका पंचायत अंतर्गत बीटा गांव की है। इस युग की माँ अशांति तियु ने बुधवार शाम को अपने 5 वर्षीय बेटे विनीत तियु की रस्सी से गला घोंट कर हत्या कर दी। इस मामले का खुलासा शुक्रवार को हुआ जिसके बाद पुलिस ने शव को घर से बरामद किया और अशांति तियु को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

आरोपी महिला का पति महेंद्र तियु को-ऑपरेटिव सोसाइटी बैंक में प्रबंधक हैं। लेकिन वो पिछले कुछ महीनों से गंभीर रूप से बीमार हैं। पिछले पंद्रह बीस दिन से जमशेदपुर के ब्राह्मनंद हॉस्पिटल में इलाजरत थे। बुधवार को महेंद्र को अस्पताल से छुट्टी मिलने वाली थी और उनके पिता उन्हें अस्पताल से वापस लाने गए थे। इस दौरान आरोपी महिला और उसका बेटा विनीत घर पर अकेले थे। तभी उक्त महिला ने इस घटना को अंजाम दिया और अपने बच्चे को मार कर शव यूं ही फर्श पर छोड़ दिया। इसके बाद वो सामान्य दिनों की तरह घर का काम करने लगी।

हत्या के बाद भी आरोपी अशान्ति तियु अपना घर का सारा काम करती दिखी। गुरुवार को पड़ोस की एक लड़की ने विनीत के बारे में अशांति से पूछा। जिस पर अशान्ति ने जवाब दिय़ा कि वो सो रहा है, उसे मत जागाओ। लड़की को उस पर संदेह हुआ। जिसके बाद इसकी सूचना उसने ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों ने पुलिस को इस घटना की जानकारी दी। शुक्रवार की सुबह राजनगर पुलिस ने गांव जाकर मृत बच्चे विनीत तियू का शव बरामद किया और हत्या में प्रयुक्त नारियल की रस्सी भी बरामद की।पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को शव सौंप दिया।

इस घटना की जांच के बाद थाना प्रभारी शम्भू शरण दास ने कहा कि पुलिस को बीटा गांव में एक महिला द्वारा अपने पांच साल के बेटे की हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। जांच करने पर मामला सत्य पाया गया। महिला ने बताया कि उसके पति कुछ दिनों से हॉस्पिटल में एडमिट थे। इस दौरान वो काफी चिड़चिड़ाहट में थी और अपने आपे से बाहर थी। उसने अपने अपराध को भी कबूल किया है।

वहीं ग्रामीणों ने बताया है कि अशांति तियु बैंक प्रबंधक की तीसरी पत्नी है। उसकी दूसरी पत्नी चाईबासा में बच्चों के साथ रहती है और एक पत्नी पहले ही भाग चुकी है। यह भी मामला सामने आया है कि अशांति तियु की अपने बैंक प्रबंधक पति के साथ अक्सर कहासुनी होती रहती थी। विनीत उसका इकलौता बेटा था। मगर पति के साथ कहासुनी और झगड़े से गुस्सा में आकर बेटे की हत्या कर दी।