सफाई के साथ आरएमसी देगा अग्निशमन, म्युनिसिपल स्कूल और चिकित्सीय सेवा..

रांची नगर निगम का दायरा अब केवल साफ़ सफाई तक सिमित नहीं रहा। आम जनता की आवश्यकताओं को मद्देनज़र रखते हुए रांची नगर निगम के द्वारा अग्निशमन सेवा, नगर क्षेत्र में म्युनिसिपल स्कूल एवं नगर निगम अस्पताल में चिकित्सीय सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। मेयर आशा लकड़ा ने नगर आयुक्त को वित्तीय वर्ष 2021-22 के बजट में इन सेवाओं को शामिल करने का निर्देश दिया है। साथ ही नगर निगम की बजट पर चर्चा करने हेतु 19 मार्च को स्थायी समिति एवं 25 मार्च को नगर निगम परिषद की बैठक कराने का निर्णय लिया गया। मेयर ने बताया कि झारखंड नगरपालिका अधिनियम-2011 की धारा-70 के अंतर्गत रांची नगर निगम वित्तीय वर्ष 2021-22 में तीन महत्वपूर्ण कार्य करने की योजना है। वित्तीय वर्ष 2021-22 के बजट में इन तीन सेवाओं (अग्निशमन, शिक्षा व चिकित्सा) को शामिल करने का निर्देश जारी किया गया है।

मेयर आशा लकड़ा ने जानकारी देते हुए कहा कि नगर आयुक्त को अग्निशमन सेवाओं के लिए अग्निशमन केंद्र व चार दमकल वाहनों की अनुमानित लागत राशि, स्वास्थ्य सेवाओं के तहत निगम अस्पताल व डिस्पेंसरी सेवाओं को चालू करने के लिए चिकित्सक, नर्स व दवाई की समुचित सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अनुमानित राशि और शिक्षा के क्षेत्र में सेवा के लिए निगम क्षेत्र में दो स्कूल, इन्फ्रास्ट्रक्चर व शिक्षकों की व्यवस्था के लिए अनुमानित लागत का प्रस्ताव तैयार कर वित्तीय वर्ष 2021-22 के रांची नगर निगम के बजट में शामिल करने का निर्देश दिया गया है।

आपको बता दें कि इन दो स्कूलों में प्राइमरी से कक्षा 7 तक की पढाई व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाएगी, जिससे अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़े वर्ग के साथ सामान्य वर्ग के गरीब वर्ग के बच्चों को अच्छी व गुणवत्ता शिक्षा दी जाएगी। मेयर ने बताया कि स्वास्थ्य सेवा के लिए रांची नगर के पास अपना अस्पताल भवन है।

चिकित्सीय सेवा के अंतर्गत आम लोगों को अस्पताल में सामान्य बीमारियों के इलाज एवं विशेषकर महिलाओं के प्रसव से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराने की तैयारी चल रही है। साथ ही अग्निशमन केंद्र, म्युनिसिपल स्कूल व नगर निगम के अस्पताल के ज़रिये स्थानीय लोगों को रोजगार का अवसर भी प्राप्त होगा।