फेमिना मिस इंडिया में पहुंचने वाली झारखंड की पहली आदिवासी महिला बनीं रिया तिर्की..

रांची: झारखंड की राजधानी रांची की रहने वाली रिया तिर्की आज रविवार तीन जुलाई को फेमिना मिस इंडिया के ग्रैंड फिनाले में झारखंड का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। आदिवासी समुदाय से आने वाली रिया तिर्की ने अपनी प्रतिभा से झारखंड का मान बढ़ाया है। उन्हें आज हर कोई शुभकामनाएं और प्यार भेज रहा है। खुद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने टवीट कर उन्हें बधाई दी है। हेमंत सोरेन ने लिखा है कि यह गौरवशाली क्षण है। रिया तिर्की को झारखंड की ओर से बहुत बहुत शुभकामनाएं।

रिया तिर्की रांची स्थित विवेकानंद विद्या मंदिर की छात्रा रह चुकी हैं। उन्होंने आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा स्थित पीबी सिद्धार्थ कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड साइंस की पढ़ाई की है और एक मॉडल भी हैं। वह बैडमिंटन, बैंकिंग और एथोलॉजी में काफी रूचि रखती हैं। आदिवासी समुदाय से आने वाली रिया झारखंड की पहली महिला हैं, जिन्होंने फेमिना मिंस इंडिया के ग्रैंड फिनाले में जगह बनाई है।

आदिवासी संस्कृति को बढ़ावा देने की इच्छा रखती हैं रिया तिर्की..
24 वर्षीय रिया ने वर्ष 2015 में इस प्रतियोगिता की तैयारी शुरू की थी और करीब 8 वर्षाें तक लगातार कड़ी मेहनत करने के बाद वह इस मुकाम तक पहुंची है। रिया तिर्की एक उद्यमी बनने और आदिवासी संस्कृति को बढ़ावा देने की इच्छा रखती है। साथ ही एक दीर्घकालिक, र्प्यावरण के अनुकूल जीवन जीने के तरीके को बढ़ावा देने तथा सामाजिक कार्याें में लुप्तप्राय हो रहे जानवरों को बचाने को लेकर संकल्पित है।

‘भारतीय जनजातीय लोगों के उत्थान के लिए काम करना चाहती हूं’
रिया तिर्की ने कहा, ‘मुझे फाइनलिस्ट चुना गया है। मुझे सच में ऐसा लग रहा है जैसे कोई सपना सच हो गया हो। मेरी सफलता इस बात का सबूत है कि एक मौका आपके पूरे जीवन की दिशा बदल सकता है।’ उन्होंने कहा कि मेरे सामाजिक कार्यों में जानवरों को बचाना और लुप्तप्राय प्रजातियों की रक्षा करना शामिल है। मैं भारतीय जनजातीय लोगों के उत्थान और पूरे देश को मजबूत करने के लिए कार्य करना चाहती हूं।