बस एक कॉल पर आपके निजी जमीन से कचरा हटा देगा रांची नगर निगम..

राजधानी रांची को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए रांची नगर निगम ने निजी ज़मीन से कचरा हटाने का अभियान शुरू किया है। यदि शहर के लोग अपनी निजी ज़मीन से कचरा हटवाना चाहते हैं तो उन्हें इसके लिए शुल्क देना होगा। रांची नगर निगम ने जानकारी देते हुए कहा है कि प्रति ट्रेक्टर 300 रुपये का शुल्क लिया जाएगा।

नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने कहा कि ये कार्य ‘रांची को रमणीक बनाओ’ अभियान के अंतर्गत किया जा रहा है।इसके अलावा नगर आयुक्त ने ये भी बताया कि नगर निगम की टीम ने हिनू में गांधी नगर रोड नंबर 1 के स्थानीय लोगों के आग्रह पर खाली पड़ी ज़मीन से कचरा हटवाया है। उक्त इलाके में कई सालों से कचरा जमा हुआ था। इस इलाके से 160 ट्रैक्टर कचरे का उठाव किया गया और सारा कचरा झिरी में ले जा कर डंप कर दिया गया।

उप नगर आयुक्त शंकर यादव ने जानकारी देते हुए कहा कि रांची नगर निगम रोज़ ने नियमित कार्यों के अलावा अतिरिक्त साफ सफाई भी करा रहा है। इसके अंतर्गत जो लोग भी कचरे का उठाव करवाना चाहते हैं, वे नगर निगम के कंट्रोल रूम के नंबर 06512200011 पर फोन कर कचरा हटवा सकते हैं।