शनिवार नो कार : साइकिल रैली में रांची की जनता ने बढ़ चढ़कर लिया हिस्सा..

झारखंड की राजधानी रांची में ‘शनिवार नो कार’ अभियान जारी है। शनिवार की सुबह 8:15 बजे मोरहाबादी मैदान के रामदयाल सिंह मुंडा पार्क से रांची नगर निगम की साइकिल रैली रवाना हुई। उप नगर आयुक्त कुंवर सिंह पाहन की अगुवाई में इस साइकिल रैली में तकरीबन डेढ़ सौ लोग शामिल हुए। साइकिल सवारों ने मेन रोड से फिरायालाल चौक, शाहिद चौक आदि होते हुए रांची के विभिन्न सड़कों पर चक्कर लगाया और वापस रामदयाल मुंडा पार्क पर आ कर रैली का समापन किया।

आपको बता दें कि इस रैली में महिलाएं एवं युवा भी शामिल हुए। रैली में शामिल एक महिला ने कहा कि वे रांची नगर निगम के ‘शनिवार नो कार’ अभियान से काफी प्रभावित हैं, इसीलिए उन्होंने इस रैली में हिस्सा लिया है। उन्होंने ये भी बताया कि अब वे साइकिल से ही आना जाना करती हैं। वहीं रांची नगर निगम के उप नगर आयुक्त कुंवर सिंह पाहन ने बताया कि शनिवार नगर निगम के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी साइकिल से ही दफ्तर आये। इसके अलावा उन्होंने ये भी बताया कि सभी नगर प्रबंधक अपने अपने वार्ड में साइकिल रैली निकाल कर लोगों को जागरूक कर रहे हैं।