आयकर विभाग की छापेमारी में अतिवीर समूह की 100 करोड़ से अधिक की संपत्ति का खुलासा..

गिरिडीह के सरिया निर्माता कंपनी अतिवीर हाईटेक प्रालि में बुधवार से चल रहे आयकर विभाग की छापेमारी में तकरीबन 100 करोड़ से अधिक की अघोषित संपत्ति होने की खबर आयी है। आयकर विभाग के सूत्रों के मुताबिक आयकर विभाग की टीम को शुक्रवार को छापेमारी के क्रम में 14 लॉकर में रखे गहने मिले। इन गहनों की कीमत करोड़ों में बताई जा रही है। इसके अलावा 36 बैंक खाते मिले हैं जिनके बारे में विस्तृत जानकारी ली जा रही है।

छानबीन के दौरान यह बात भी सामने आई है कि नोटबंदी के दौरान कई सेल कंपनियों के ज़रिए 200 करोड़ का लेन-देन किया गया था। आयकर विभाग की टीम को इतने अधिक दस्तावेज़ मिले हैं कि उनकी छानबीन करने में वक़्त लग रहा है। इसके अलावा झरिया के संजय केजरीवाल के यहां भी 2 करोड़ से अधिक की अघोषित संपत्ति का पता चला है।

आपको बता दें कि बुधवार की सुबह रांची, पटना और जमशेदपुर के सौ से अधिक आयकर अधिकारी एवं कर्मचारी छानबीन करने गिरिडीह पहुंचे। आयकर टीम के सदस्यों ने तड़के ही कंपनी के अलग अलग ठिकानों पर धावा बोल दिया। इस दौरान कंपनी के दस्तावेज, कंप्यूटर, पेन ड्राइव एवं लेखा जोखा से संबंधित फाइलों को जब्त कर लिया गया।