15 जनवरी से दोबारा शुरू हो रहा है रांची-धनबाद इंटरसिटी एक्सप्रेस..

रांची-धनबाद रूट के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है| शुक्रवार 15 जनवरी से धनबाद-रांची इंटरसिटी ट्रेन की शुरुआत होने जा रही है| रांची से धनबाद और धनबाद से रांची चलने वाली इस ट्रेन का शेड्यूल तय कर दिया गया है| रेलवे की ओर से इसे लेकर एक सूचना भी जारी कर दी गयी है| इसका परिचालन सामान्य ट्रेन की तौर पर किया जा रहा है| ज्ञात हो कि कोरोना संकट के दौरान लॉकडाउन के कारण इस ट्रेन का परिचालन बंद किया गया था|

नया टाइम-टेबल..
रेलवे बोर्ड ने इस ट्रेन के टाइम टेबल में बदलाव किया है| नये टाइम-टेबल के मुताबिक ये ट्रेन धनबाद से सुबह 5.40 में खुलेगी और रांची 9.40 में पहुंचेगी| वहीं रांची से शाम 7:05 बजे खुलेगी और धनबाद रात 11:10 बजे पहुंचेगी. पहले ये ट्रेन रांची से शाम 6:55 में चलती थी, वहीं धनबाद से रांची के लिए सुबह 5:40 में ही चलती थी|

दिसंबर में मिली थी मंजूरी..
रांची रेल मंडल ने बताया कि दिसंबर में ही ट्रेन के परिचालन की मंजूरी मिली गई थी| 26 दिसंबर से ट्रेन परिचालन शुरू करना था, लेकिन कोच उपलब्ध नहीं होने के कारण रेलवे ने ट्रेन चलाने में असर्मथता जाहिर की| फिलहाल धनबाद रेल मंडल को अतिरिक्त कोच उपलब्ध करवाया गया है जिसके बाद ट्रेन के परिचालन की घोषणा की गयी|

जनरल टिकट की सुविधा उपलब्ध नहीं..
ज्ञात हो कि रेलवे बोर्ड की ओर से रिजर्वेशन टिकट की सुविधा पहले से ही उपलब्ध है| ऐसे में धनबाद-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस के यात्रियों के लिए जनरल टिकट की सुविधा उपलब्ध नहीं है| उधर, इस घोषणा के साथ ही टिकट की बुकिंग शुरू हो गयी है| यात्रियों को सेकेंड सीटिंग के 85 रूपये और एसी कार में सफर के लिये 310 रुपये चुकाने होंगे|