आधी आबादी को सौंपी गई रांची और चक्रधरपुर रेल मंडल की कमान..

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को लेकर रेलवे ने भी खास तैयारी की है| इसी क्रम में रांच रेल मंडल ने आज के लिए विशेष तौर पर रेलवे स्टेशन की जिम्मेदारी आधी आबादी के जिम्मे सौंपी है| रांची रेल मंडल की महिला कर्मचारी 1 दिन के लिए रांची रेलवे स्टेशन के संचालन की जिम्मेदारी संभाल रही हैं|

डीआरएम नीरज अंबष्ठ की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस बात का फैसला लिया गया| आज के ट्रेन ऑपरेशन से लेकर रांची रेलवे स्टेशन पर टिकट काउंटर, सुरक्षाकर्मी, सफाई कर्मी, टिकट चेकिंग, व सारी जगह महिलाओं को ड्यूटी पर लगाया गया है| इसके अलावा रांची लोहरदगा ट्रेन का संचालन भी महिला कर्मियों के द्वारा ही तय किया गया है| स्टेशन मैनेजर की जिम्मेदारी भी 1 दिन के लिए महिला कर्मी को ही दी जा रही है जो पूरे रेलवे स्टेशन का मैनेजमेंट देखेंगी|

आपको बता दें कि रांची रेल डिवीजन में 650 महिला रेल कर्मी कार्यरत हैं| आज करीब 1 सौ से अधिक महिला कर्मी अपनी सेवा देंगी| रांची रेलवे ने ये कदम महिला कर्मियों के मनोबल को बढ़ाने के लिए उठाया है|

दूसरी तरफ चक्रधरपुर रेल मंडल द्वारा भी आज रेलवे की कमान महिला कर्मियों को सौंपी गई है| अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके को खास बनाते हुए साउथ बिहार एक्सप्रेस ट्रेन को महिला स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन बनाकर चलाया| ये ट्रेन चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन से राउरकेला स्टेशन तक के लिए चलाया गया है। इसके अलावा इस ट्रेन का परिचालन भी महिला लोको पायलट एस आर होरो, महिला सहायक लोको पायलट एस लकड़ा एवं गार्ड पूनम राणा ने किया है। साथ ही टिकट चेकिंग स्टॉफ और आरपीएफ स्टॉफ भी महिला रेलकर्मी ही हैं।

इससे पहले चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम विजय कुमार साहू ने महिला लोको पायलट एस आर होरो को बुके देकर उनका स्वागत किया और हरी झंडी दिखा कर ट्रेन को रवाना किया।

चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन के संचालन का जिम्मा महिला स्टेशन मास्टर मीणा सतपति, डिप्टी स्टेशन मास्टर इंद्राणी घटक, पॉइंट्स मेन महिला रेलकर्मी को दी गई है।

वहीं रांची और चक्रधरपुर रेल मंडल की महिला कर्मचारियों में आज मिले इस विशेष जिम्मेदारी को लेकर खुशी और उत्साह है|