राज्य में आज से चिकित्सा सुविधाओं में आएगी परेशानी, रेजिडेंट डॉक्टर गए हड़ताल पर..

सातवें वेतनमान का बकाया एरियर भुगतान नहीं होने के कारण आज से राज्य के मेडिकल कॉलेज अस्पताल के 700 रेजिडेंट डॉक्टर्स हड़ताल पर हैं| इसमें एमजीएम, जमशेदपुर, पीएमसीएच धनबाद, पलामू, हजारीबाग और दुमका मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट डॉक्टर आज सुबह से ही हड़ताल पर हैं| वहीं, रिम्स के रेजिडेंट डॉक्टर्स, निदेशक और स्वास्थ्य सचिव के साथ वार्ता के होने के बाद मांगें नहीं मानी जाने पर दोपहर बाद कार्य बहिष्कार पर चले जायेंगे|

झारखण्ड रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के संयोजक और रांची आई एमए के संयुक्त सचिव डॉ. अजीत ने इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि रेजिडेंट डॉक्टर वर्ष 2016 से 2019 तक के सातवें वेतनमान के आधार पर बकाया वेतन भुगतान की मांग लगातार कर रहे हैं| लेकिन स्वास्थ्य विभाग और रिम्स के अधिकारियों ने इसपर चुप्पी साध रखी है|

वहीं 1 मार्च से ही राज्यभर के सरकारी अस्पतालों के रेजिडेंट डॉक्टर काला बिल्ला लगाकर विरोध जता रहे थे और सरकार का ध्यान अपनी मांगों की ओर दिलाने की कोशिश कर रहे थे| डॉक्टरों का आरोप है कि सरकार उनके बकाया भुगतान को लेकर ढुलमूल रवैया दिखा रही है और उनकी मांगों को नजरअंदाज कर रही है| इंडियन मेडिकल एसोसिएशन का कहना है कि ऐसे में आज 8 मार्च से अगर कार्य बहिष्कार से मरीजों को परेशानी हुई तो सारी जवाबदेही सरकार की होगी| आईएमए की झारखंड इकाई भी रेजिडेंट डॉक्टरों के प्रोटेस्ट के साथ है|