झारखंड के कई इलाकों में बारिश, न्यूनतम तापमान में आएगी गिरावट..

रांची में सुबह से आसमान में घने बादल छाए रहे। सुबह 7 बजे तक यहां हल्का कोहरा भी देखने को मिला। इसके साथ ही रांची के कुछ इलाकों में सुबह 7.30 बजे के करीब हल्की बूंदाबांदी भी हुई। ऐसे में अब ठंड बढ़ने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि रांची में बादल छंटने के बाद में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग की माने तो देश में दो अलग-अलग हिस्सों में चक्रवातीय क्षेत्र बन रहा है। एक दक्षिण पूर्व राजस्थान और दूसरा दक्षिण असम के साथ आसपास के इलाके में बन रहा है। इस चक्रवातीय का असर राज्य के मौसम पर देखने को मिलेगा। वहीं शुक्रवार से अगले तीन दिनों तक राजधानी रांची के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।

कई जिलों में वज्रपात की भी चेतावनी
रांची समेत झारखंड के कई अन्य जिलों में भी बारिश के आसार बन रहे। गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, रांची बोकारो, खूंटी, गुमला, रामगढ़ और हजारीबाग में मेघ गर्जन के साथ मध्यम दर्जे की बारिश हुई। इन जिलों में वज्रपात की भी चेतावनी दी गई। वहीं जिन इलाकों में बारिश नहीं हुई है वहां मध्यम दर्जे का कोहरा देखने को मिल सकता है।

24 घंटे में चाईबासा का तापमान सबसे अधिक रहा
बात करें पिछले 24 घंटों की तो राज्यभर इस दौरान मौसम शुष्क रहा। राजधानी रांची के अलावा कई जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहे। उधर बोकारो में एक दो स्थानों पर शीतलहर की स्थिति रही।इस दौरान राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान चाईबासा का 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 06.7 डिग्री सेल्सियस गिरिडीह में रिकार्ड किया गया।