रेलवे ने शुरू की स्पेशल ट्रेन, 1153 यात्री पहुंचे रांची..

मुंबई में कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए कोरोना कर्फ्यू लागू हो गया है। इसके चलते मुंबई में रह रहे प्रवासी मजदूर घर लौटने लगे हैं। गुरुवार की सुबह तकरीबन 03:55 बजे मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस से रवाना हुई एलटीटी हटिया स्पेशल ट्रेन हटिया पहुंची। मुंबई से ट्रेन पर 1700 यात्री रवाना हुए थे लेकिन केवल 1153 यात्री ही रांची पहुंचे। हटिया स्टेशन पर यात्रियों की कोरोना जांच की गई। जांच के पश्चात यात्रियों को जाने की अनुमति दे दी गयी।

गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण का कहर अभी भी जारी है। ऐसे में मुंबई सरकार द्वारा लगाए गए कोरोना कर्फ्यू की वजह से वहां मजदूरी के लिए गए लोगों में डर बैठ गया कि कहीं दोबारा लॉकडाउन न लग जाए। इसी डर की वजह से प्रवासी मजदूर अपने घरों को लौट रहे हैं।

मुंबई से लौटे कांटाटोली निवासी वसीम ने बताया कि मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस में यात्रियों की भीड़ लगी हुई थी। रेलवे ने भीड़ को मद्देनज़र रखते हुए स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। वसीम के साथ रांची लौटे अकरम ने जानकारी देते हुए बताया कि मुंबई में धीरे धीरे स्थिति और बिगड़ रही है।

गौरतलब है कि रेलवे द्वारा मुंबई से रांची के लिए दो नई ट्रेनें शुरू की गई हैं। यह ट्रेनें प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस से रांची के लिए रवाना होगी। इसके अलावा मुंबई से दूसरी ट्रेन भी हर गुरुवार और रविवार को रांची के चलेगी।

सूत्रों के मुताबिक देश में कोरोना के बढ़ते प्रकोप को मद्देनज़र रखते हुए केंद्र सरकार के निर्देश पर विशेष ट्रेनें चला कर मजदूरों को घर भेजा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *