रेलवे ने दी झारखंड को सौगात, रांची से गोवा के लिए साप्ताहिक ट्रेन की हुई शुरुआत..

रांची : झारखंड वासियों को रेलवे विभाग की ओर से एक खुशखबरी मिली है। पहली बार रांची से गोवा के लिए सीधी ट्रेन चलेगी। रेल मंत्रालय ने जसीडीह-वास्को डिगामा (गोवा) एक्सप्रेस के परिचालन को मंजूरी दे दी है। यह ट्रेन अब जिसीडीह या गोवा से प्रस्थान कर रांची-हटिया होकर चलेगी। इस ट्रेन को मधुपुर, चितरंजन, बराकार, धनबाद, करासगढ़, चंद्रपुरा, बोकारो स्टील सिटी, मुरी, रांची, हटिया, राउरकेला, झारसुगुड़ा, बिलासपुर सहित अन्य 25 स्टेशनों में वाणिज्यिक ठहराव की स्वीकृति मिली है। यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार को जसीडीह से दोपहर 1:10 बजे रवाना होगी। रात 8 बजे रांची से खुलेगी और बुधवार दोपहर 2:30 बजे गोवा पहुंचेगी। गोवा से यह ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी और रविवार को जसीडीह पहुंचेगी। रांची से गोवा का सफर करीब 35 घंटे का होगा।

रेल मंत्रालय ने 8 रेलवे ज़ोन के महाप्रबंधक को पत्र भेजकर इस ट्रेन के चलने और ठहराव की जानकारी दी है। जब इस ट्रेन का परिचालन शुरू होगा, तब इसका संरक्षण कार्य वास्को डिगामा और आसनसोल में होगा। इस ट्रेन के परिचालन को लेकर झारखंड यात्रा संघ ने बधाई दी है। संघ के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार सरावगी और सचिव प्रेम कटारुका ने रेल मंत्रालय को पत्र भेजकर स्वीकृति देने कर खुशी जाहिर की है। पत्र में कहा है कि आशा व्यक्त करते हैं कि हम झारखंड वासियों को बाबाधाम-देवघर से गोवा तक विभिन्न धार्मिक और पर्यटन स्थलों के दर्शन और पर्यटन का लाभ मिलेगा। इसी क्रम में संघ ने गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे को भी बधाई दी है। फिलहाल यह ट्रेन कब से चलेगी इसकी घोषणा अभी नहीं हुई है।