डीपीएस रांची के राहुल कुमार बने जेईई एडवांस 2021 के झारखंड टॉपर..

रांची : जेईई एडवांस का रिजल्ट शुक्रवार को विजयदशमी के दिन जारी कर दिया गया है। इस परीक्षा में रांची के रहने वाले राहुल कुमार झारखंड स्टेट टापर रहे। राहुल ने परीक्षा में 248वां रैंक प्राप्त किया है। वे डीपीएस रांची के छात्र हैं। डीपीएस रांची के ही अंकित कुमार जैन 2019 में एवं दयाल कुमार 2020 में जेईई एडवांस के स्टेट टापर बने थे। विद्यालय के तीन विद्यार्थियों ने टाप 1000 में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। 60 अन्य छात्रों ने भी विभिन्न रैंक के साथ सफलता अर्जित की है। विद्यालय के प्राचार्य डा. राम सिंह ने अपने विद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर कहा कि नए-नए रिकार्ड बनाना और उन्हें तोड़ना डीपीएस रांची की समृद्ध शैक्षणिक विरासत का हिस्सा रहा है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगल कामना भी की।

राहुल बताते हैं कि मुझे स्कूल के शिक्षकों के साथ कोचिंग के शिक्षकों ने बड़ी सहायता की। कोरोना वायरस संक्रमण के कारण परीक्षा की तिथि आगे बढ़ रही थी। इससे बहुत परेशानी हुई। मैंने इस कठिन वक्त में संयम से काम लिया। मैं रोज कम से कम 6-7 घंटे सेल्फ स्टडी करता था। मेरी सफलता के पीछे ज्यादा से ज्यादा प्रैक्टिस और सेल्फ स्टडी कारण रहा। मैंने अपने समय को रूटीन में बांधकर कड़ाई से इसका पालन किया।

राहुल ने कहा कि मेरी इच्छा है कि मुझे आइआइटी कानपुर या खड़गपुर में एडमिशन मिले। मैं यहां कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग करना चाहता हूं। इसके साथ ही मैं कंप्यूटर साइंस के क्षेत्र में इनोवेटिव आइडिया पर काम करना चाहता हूं। राहुल कुमार के पिता एडिशनल जज हैं। उनका नाम विजय कुमार श्रीवास्तव है। उनकी मां रीना श्रीवास्तव गृहणी हैं। राहुल के भाई भी एनआइटी जमशेदपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग कर रहे हैं।