झारखंड के कई हिस्सों में ओलावृष्टि और वज्रपात की संभावना,अलर्ट..

मौसम के बदलते मिजाज को देख मौसम विभाग ने आज राज्य में यलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही कई हिस्सों में बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना भी जताई है। पिछले 24 घंटों में राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्के से लेकर मध्यम दर्जे की बारिश रिकार्ड की गयी, साथ ही तेज़ हवाएं भी चलीं। मौसम विभाग के मुताबिक रांची, बोकारो,हजारीबाग ,रामगढ़, गुमला और खुंटी के साथ-साथ राज्य के दक्षिणी और उत्तरी हिस्सो में कई जगह गर्जन के साथ वज्रपात और ओलावृष्टि हो सकती है। मौसम विभाग ने चतरा, पलामू, हजारीबाग, लोहरदगा, रांची, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया है।

राज्य में 19 फरवरी के बाद मौसम सामान्य होने की उम्मीद है। फिलहाल न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी जारी रहेगी। पिछले 24 घंटे के दौरान लोहरदगा के कुडू में 6.4 मिमी बारिश रिकार्ड की गयी जो राज्य में सबसे ज्यादा है। वहीं अधिकतम तापमान चाईबासा का 33.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम मेदिनीनगर में 14.8 डिग्री रिकार्ड किया गया।