एक दिसंबर से रांची के धान क्रय केंद्रों पर जाकर किसान बेच सकते हैं अपना धान..

रांची में एक दिसंबर से धान की खरीदारी की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए जिले में 23 धान क्रय केंद्र बनाए गए हैं। इस बार लैम्पस के माध्यम से धान की खरीदारी की जाएगी। सभी केंद्रों पर सहकारिता विभाग के पदाधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है। रांची जिले में कुल 6 राइस मिल को धान प्राप्त करने के लिए अधिकृत किया गया है। सभी राइस मिलों पर CCTV कैमरे लगाए गए हैं। यहां अलग से और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति भी की गई है।

बता दें कि केंद्र सरकार ने साधारण किस्म के धान के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य 1868 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान की कीमत 1888 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित की है। वहीं, झारखंड सरकार ने राज्य के धान उत्पादित किसानों को प्रति क्विंटल 182 रुपये बोनस देने की घोषणा की है। इसके साथ ही राज्य के धान उत्पादित किसानों को साधारण किस्म के धान के लिए प्रति क्विंटल 2050 रुपये मिलेंगे, जबकि ग्रेड-ए किस्म के धान के लिए 2070 रुपये प्रति क्विंटल रुपये किसानों को मिलेंगे।

इन राइस मिलों में जाएंगे धान..

  1. सिद्धि विनायक राइस मिल, नेवरी, विकास, ओरमांझी
  2. श्री शाकम्बरी राइस मिल, तुपुदाना
  3. तुलसीयान राइस मिल, टाटीसिल्वे
  4. एसएमवी एग्रो प्रोडक्ट्स, महिलांग, टाटीसिल्वे
  5. हेमराज राइस प्रोडक्ट्स, साहेर बस्ती, नगड़ी
  6. बालाजी एग्रोटेक इंडस्ट्रीज, टिकराटोली, नगड़ी