झारखंड में मौसम दिखा रहा तेवर, कहीं बारिश कहीं लू, जानें अपने इलाके का हाल..

झारखंड का मौसम लगातार करवट ले रहा है। मौसम विभाग की तरफ से इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक अगले दो से तीन दिनों तक राज्य में बंगाल की खाड़ी में बने पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा।
इसकी वजह से राज्य के उत्तर-पश्चिम भागों में हीट वेव चलने की संभावना है जबकि राज्य के उत्तर पूर्वी व दक्षिण भागों में गर्जन के साथ वज्रपात व बारिश के आसार हैं। इन इलाकों में 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के भी आसार हैं। दूसरी तरफ पिछले 24 घंटे में रांची का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है|

इन जिलों में बारिश के आसार
रांची, संताल के देवघर, धनबाद, ,दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सायकेला-खरसांवा और सिमडेगा में वज्रपात के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है।

इन जिलों में चल सकती है लू
पलामू, गढवा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा में तेज गर्मी पड़ने की संभावना है। इसके कारण इन इलाकों में लू चल सकती है। मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि दिन में 10 बजे के बाद जब तक जरूरी ना हो लोग घरों से बाहर न निकलें। बिना कारण घर से बाहर न निकलें। इसके साथ गर्मी से बचाव के सारे उपाय अपने साथ रखें।

मेदिनीनगर का तापमान पहुंचा 42.9 डिग्री सेल्सियस
राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहा। राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान और सबसे कम न्यूनतम तापमान मेदिनीनगर का रिकार्ड किया गया। यहां का अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।