Ind Vs Nz 1st T20: हार्दिक…सूर्या… नहीं, रांची में लगे धोनी-धोनी के नारे..

रांची : न्यूजीलैंड ने रांची में खेले गए पहले टी20 में भारत को 21 रन से हरा दिया। इस मैच में कई शानदार पल देखने को मिले। वॉशिंगटन सुंदर की शानदार गेंदबाजी और बल्लेबाजी के अलावा टीम इंडिया की फील्डिंग भी शानदार रही। हालांकि, इस मैच से ज्यादा चर्चा महेंद्र सिंह धोनी की हो रही है। दरअसल, धोनी पत्नी साक्षी के साथ अभी रांची में ही हैं। रांची धोनी का होम-टाउन है। ऐसे में वह साक्षी के साथ भारत-न्यूजीलैंड के बीच पहले टी20 मैच का लुत्फ उठाने रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम पहुंचे थे। स्टेडियम में लगे टीवी स्क्रीन पर जैसे ही धोनी और साक्षी की तस्वीर आई, स्टेडियम में मौजूद फैंस उन्हें देखते ही बेकाबू हो गए। स्टेडियम में ही धोनी-धोनी के नारे लगने लगे। इस दौरान धोनी ने हाथ उठाकर लोगों का अभिवादन भी स्वीकार किया।

धोनी इससे पहले गुरुवार को टीम इंडिया के प्रैक्टिस सेशन में भी पहुंचे थे और भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की थी। इतना ही नहीं उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों से भी मुलाकात की थी। आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के उनके साथी डेवोन कॉनवे के साथ उन्होंने बैटिंग प्रैक्टिस भी की थी। धोनी की पूरे भारत में गजब की फैन फॉलोइंग है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि फैंस धोनी-धोनी का नारा लगा रहे हैं और पूर्व कप्तान ने भी हाथ हिलाकर सबका अभिवादन किया।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके धोनी इस साल आईपीएल में CSK की कप्तानी करते नजर आएंगे। हालांकि कहा जा रहा है कि शायद यह आईपीएल उनका आखिरी सीजन हो। बता दें कि, झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में महेंद्र सिंह धोनी के नाम का एक पवेलियन भी है। जिसे एमएस धोनी पवेलियन का नाम दिया गया है। जब भी रांची में कोई मैच खेला जाता है और धोनी उस शहर में उपस्थित रहते हैं तो वह मैच देखने जरूर जाते हैं और अपने ही स्टैंड में बैठते हैं।

भारत-न्यूजीलैंड के बीच टी20 मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 176 रन बनाए थे। डेवोन कॉनवे ने 52 और डेरिल मिचेल ने नाबाद 59 रन की पारी खेली थी। जवाब में भारतीय टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 155 रन ही बना सकी। भारत की ओर से सूर्यकुमार यादव ने 47 रन और वॉशिंगटन सुंदर ने 50 रन की पारी खेली। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। सीरीज का दूसरा मैच रविवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *