झारखंड की सीनियर महिला हॉकी टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए पहली बार राष्ट्रीय चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया. पंचकूला, हरियाणा में आयोजित 15वीं हॉकी इंडिया सीनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप के फाइनल में झारखंड ने मेजबान हरियाणा को पेनाल्टी शूटआउट में 4-3 से हराया.
निर्धारित समय में 1-1 से थी बराबरी
मैच का निर्धारित समय बेहद रोमांचक रहा, जिसमें दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं. हरियाणा की कप्तान रानी ने 42वें मिनट में गोल करके अपनी टीम को बढ़त दिलाई. लेकिन झारखंड की प्रमोदनी लकड़ा ने 44वें मिनट में गोल कर स्कोर बराबर कर दिया. इसके बाद मुकाबला पेनाल्टी शूटआउट में चला गया.
पेनाल्टी शूटआउट में झारखंड की शानदार जीत
पेनाल्टी शूटआउट में झारखंड के लिए रजनी केरकेट्टा, निराली कुजूर, बिनिमा धान और कप्तान अलबेला रानी टोप्पो ने सफलतापूर्वक गोल किए. झारखंड ने 4-3 से जीत दर्ज कर पहली बार राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया.
झारखंड हॉकी संघ ने दिया दो लाख का इनाम
इस ऐतिहासिक जीत के बाद हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने पूरी टीम को दो लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि यह जीत झारखंड के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और इससे राज्य के खिलाड़ियों का मनोबल और ऊंचा होगा.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी बधाई
झारखंड की इस जीत पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूरी टीम को बधाई दी. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पहले ट्विटर) पर लिखा –
“शाबाश बेटियां… फाइनल में हरियाणा को हराकर झारखंड ने राष्ट्रीय चैंपियनशिप जीत ली. यह राज्य के लिए गर्व का क्षण है. पूरी टीम को बहुत-बहुत बधाई और जोहार!”
झारखंड की अंजनी ने जीता तीरंदाजी में गोल्ड
झारखंड की बेटियां सिर्फ हॉकी में ही नहीं, बल्कि तीरंदाजी में भी राज्य का नाम रोशन कर रही हैं. पश्चिम बंगाल में 11-12 मार्च को आयोजित खेलो इंडिया ईस्ट जोन तीरंदाजी प्रतियोगिता में रांची के जोन्हा की अंजनी कुमारी ने गोल्ड मेडल जीता. फाइनल मुकाबले में अंजनी ने पश्चिम बंगाल की प्राप्ती बनर्जी को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया. प्राप्ती ने 132 अंक बनाए, जबकि अंजनी ने 138 अंक अर्जित किए. अंजनी वर्तमान में एकलव्य तीरंदाजी केंद्र, होटवार में प्रशिक्षण ले रही हैं.
खेल संघ के अधिकारियों ने दी बधाई
अंजनी की इस उपलब्धि पर जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र सिंह, तीरंदाजी प्रशिक्षक डी. साईस्वरी और करण कर्मकार ने बधाई दी. उन्होंने कहा कि झारखंड की बेटियां लगातार खेलों में बेहतरीन प्रदर्शन कर रही हैं और आने वाले समय में और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगी.