मौसम अपडेट: 13 जून को झारखंड़ पहुंचेगा मानसून, कल केरल में दे सकता है दस्तक..

इस बार मानसून अपने नियत समय पर ही झारखंड में दस्तक देगा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, झारखंड में 13 जून को मानसून के दस्तक देने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार दक्षिणी पश्चिमी मानसून 31 मई को केरल के तट से टकराने की संभावना है। यास तूफान के कारण पहले से ही मानसून जैसी स्थिति बनी हुई है। यदि एक जून तक मानसून का आगमन भारत में हो रहा है तो यह समय से ही माना जाएगा।

मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि इस बार मानसून सामान्य तौर पर अपने निर्धारित समय पर ही आ रहा है। ऐसे में इसकी झारखंड में भी समय पर आने की संभावना है। अब तक के अनुसार 13 जून को झारखंड में मानसून की दस्तक मानी जाती है। बता दें कि झारखंड में बीते तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है। रविवार को मौसम थोड़ा साफ़ हुआ हालांकि सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए रहे और कई क्षेत्रों में रिमझिम बारिश हुई।

मौसम विभाग ने इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून के सामान्य रहने की संभावना जताई है। जून से सितंबर तक सामान्य बारिश होगी। वहीं, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के अनुसार मानसून की लंबी अवधि का औसत ( LPA ) 98 प्रतिशत होगा, जो सामान्य श्रेणी में आता है। एलपीए के 96-104 प्रतिशत के बीच वर्षा को सामान्य माना जाता है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, पूरे देश में मौसमी वर्षा (जून से सितंबर) लंबी अवधि के औसत से 96 से 104 प्रतिशत के साथ सामान्य रहने की संभावना है।

मानसून के पहले मानसून जैसी बारिश
इस वर्ष बारिश के लिहाज से मौसम का मिजाज काफी बेहतर कहा जा सकता है। रांची समेत झारखंड के विभिन्न इलाकों में अगले चार दिन बारिश के आसार हैं। साथ ही 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और वज्रपात की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग रांची के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि दाे जून तक रांची में बादल छाए रहने और मध्यम दर्जे की बारिश के आसार हैं।