गिरिडीह में आंदोलन कर रहे किसानों पर पुलिस ने बरसाई लाठियां..

गिरिडीह के अंबेडकर चौक पर प्रदर्शनकारी किसानों पर पुलिस ने लाठी चार्ज किया है। इसमें करीब 8 किसानों को चोट आई है। प्रशासन का दावा है कि किसी को गंभीर चोट नहीं लगी है। अपनी मांगों को लेकर किसान लंबे समय से आंदोलन कर रहे थे। मांगें पूरी नहीं होने के विरोध में बुधवार को किसान पेट्रोल लेकर आत्मदाह करने अंबेडकर चौक पहुंच गए। किसानों की मांग थी कि मोर्चा के गिरफ्तार नेता अवधेश सिंह को रिहा किया जाए। किसानों को बिना रिश्वत के रजिस्टर-2 की नकल उपलब्ध कराई जाए। अपनी इन्हीं मांगों को लेकर 24 घंटे पहले किसानों ने मंगलवार को जेल भरो आंदोलन किया था।

बुधवार को महिला व पुरुष किसान पोस्टर, बैनर के साथ हाथों में पेट्रोल लेकर आत्मदाह मार्च पर उतर गए। इसके बाद किसानों ने अपनी मांगों को लेकर सड़क जाम कर दिया। प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। जानकारी मिलने के बाद नगर थाना प्रभारी राम नारायण चौधरी मौके पर वार्ता के लिए पहुंचे। प्रदर्शनकारी थाना प्रभारी की बात सुनने को तैयार नहीं थे।

स्थिति को देखते हुए सदर एसडीपीओ अनिल सिंह के साथ एसडीएम विशाल दीप खलको और डीएसपी संजय राणा भी अंबेडकर चौक पहुंच गए। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों के साथ वार्ता की। अधिकारियों ने किसानों को कहा कि रजिस्टर टू से जुड़े जिन दस्तावेजों की बात हो रही है वह सभी कागजात डीसीएलआर उपलब्ध कराने के लिए तैयार है। इसी दौरान सड़क जाम करने को लेकर अधिकारियो और प्रदर्शकारियों के बीच बहस हो गई।

प्रशासन का दावा है कि कुछ लोग पेट्रोल छिड़कर आग लगाने की कोशिश कर सकते थे। इसको रोकने के दौरान दूसरे प्रदर्शनकारी भड़क गए।सड़क जाम होने से आम लोगों को परेशानी हो रही थी। लिहाजा समझाकर प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश हो रही थी। इसी दौराना हंगामा बढ़ गया। हालात को संभालने के लिए पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया। इसमें 8 लोगों को चोट आई है। कुछ प्रदर्शनकारी सड़कों पर लेट गए। उन्हें उठाकर सड़क के किनारे पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि प्रशासन ने मौके पर प्रदर्शन कर कवरेज कर रहे कई मीडिया कर्मियों के मोबाइल जब्त कर लिए। इन्हें बाद में वापस कर दिया गया।

हंगामे के बाद किसान मंच की ओर से कहा गया कि प्रशासन ने डंडे के जोर से प्रदर्शन को दबाने का प्रयास किया है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने कहा कि प्रदर्शनकारियों में शामिल कुछ लोग अपने ऊपर पेट्रोल छिड़कर आग लगाने वाले थे। इन्हें रोकने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया। इसमें किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई है। एसडीएम विशाल दीप खलको ने कहा कि हालात को संभालने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया। बता दें कि किसान मंच अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से चरणबद्ध आंदोलन कर रहे हैं। इसके बावजूद इनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा।