जेपीएससी सहायक अभियंता नियुक्ति मुख्य परीक्षा 22 अक्टूबर से..

रांची: सहायक अभियंता (सिविल एवं मैकेनिकल) नियुक्ति मुख्य परीक्षा 22 से 24 अक्टूबर तक आयोजित की जाएगी। झारखंड लोक सेवा आयोग ने बुधवार को परीक्षा का कार्यक्रम घोषित कर दिया। इसके तहत 22 अक्टूबर को एक पत्र की परीक्षा होगी, जिसमें सामान्य योग्यता, सामान्य अंग्रेजी एवं सामान्य अध्ययन विषय से वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। 23 अक्टूबर को सिविल एवं यांत्रिक विषय के पहले प्रश्न तथा दूसरे प्रश्न पत्र की परीक्षा होगी जिसमें भी वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। 24 अक्टूबर को इसी विषय के पहले एवं दूसरे पत्र की परीक्षा होगी जिसमें परंपरागत प्रश्न पूछे जाएंगे। पहले दिन की परीक्षा एक पाली तथा बाकी दो दिनों की परीक्षा दो पालियों में होगी।

बता दें कि झारखंड हाईकोर्ट ने पूर्व में इस परीक्षा पर रोक लगा दी थी। बाद में कोर्ट ने परीक्षा के आयोजन की अनुमति प्रदान कर दी। आवेदक इस परीक्षा से जुड़ी अधिक जानकारी झारखंड लोक सेवा आयोग की वेबसाइट @jpsc.gov.in से प्राप्‍त कर सकते हैं।

 

चिंतपूर्णी स्टील प्लांट की भट्ठी में गिरा मजदूर, जिंदा जला..

हजारीबाग : चरही थाना क्षेत्र के पंद्रह माइल स्थित चिंतपूर्णी स्टील प्लांट में एक ठेका मजदूर बिहार के बांका निवासी विकास प्रसाद यादव की मौत बुधवार की रात भट्ठी में गिरने से हो गई। अब हादसे के बाद जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। वहीं मजदूर के शव को देर रात 2 बजे ही प्लांट से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है। प्लांट के मजदूरों में दहशत कायम है। घटना के बाद प्लांट की एक यूनिट का काम बंद कर दिया गया है। वर्तमान में यहां 200 मजदूर काम कर रहे हैं। सभी मजदूर यूपी के संवेदक धर्मपाल यादव द्वारा लाए गए थे। हादसे के बाद प्लांट की सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया जाता है कि हंगामा होने के डर से ही आनन-फानन में मजदूर के शव को देर रात की प्लांट से हटा दिया गया है। हादसे के बाद यहां काम करने वाले मजदूरों में भी आक्रोश है। वहीं मजदूर के स्वजन को भी हादसे की सूचना दे दी गई है।