झारखंड में दस्तक देने जा रही है ठंड, 6 नवंबर से तापमान में आयेगी गिरावट..

Jharkhand Updates

झारखंड में जल्द ही ठंड दस्तक देने जा रही है। यहां तीन दिन बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जायेगी, जिससे धीरे-धीरे सर्दी बढ़ने लगेगी । रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों द्वारा जारी एक रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार (6 नवंबर, 2020) से तापमान में गिरावट दर्ज की जायेगी और अच्छी-खासी सर्दी का एहसास होने लगेगा ।

हालांकि, गुरुवार, 5 नवंबर तक तापमान में ज्यादा उतार-चढ़ाव होता नहीं दिख रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि 5 नवंबर तक राज्य का मौसम शुष्क रहेगा तथा आसमान भी साफ रहेगा। लेकिन, 6 नवंबर से सर्दी बढ़ने लगेगी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि वायुमंडल में नमी की कमी रहेगी

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक वायुमंडल में नमी में कमी के कारण अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। रांची के मौसम केंद्र के निदेशक डॉ एसडी कोटाल ने बताया कि उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र है, लेकिन इस वक्त उसका रुख म्यांमार और बांग्लादेश की ओर है।

श्री कोटाल ने कहा कि झारखंड के ऊपरी वायुमंडल पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। 5 नवंबर तक मौसम के मिजाज में भी कोई परिवर्तन होता नहीं दिख रहा है। जबकि इसके अगले ही दिन यानी कि 6 नवंबर से वायुमंडल में नमी बढ़ेगी और इसके साथ ही तापमान में गिरावट आने लगेगी।

श्री कोटाल ने बताया कि जो हवाएं उत्तर से आ रही हैं वो अपने साथ नमी लेकर नहीं आ रही है। लिहाजा, पूरे प्रदेश में शुष्क मौसम है। छह नवंबर से नये चक्रवाती प्रवाह के बाद वायुमंडल में नमी बढ़ने की संभावना है। वायु प्रवाह और वातावरण में नमी की स्थिति से मौसम का मिजाज बदल जायेगा।

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से यहां तापमान में बढ़ोतरी देखी गयी है। अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा हुआ है, जबकि न्यूनतम तापमान दो डिग्री तक सामान्य से ज्यादा है। वहीं, बात करें अक्टूबर 2020 में हुई बारिश की तो जमशेदपुर में सबसे ज्यादा 131.3 मिलीमीटर वर्षा हुई, डाल्टेनगंज में 76.7, रांची में 76.4, चाईबासा में 66.9 और बोकारो में 51 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी।