झारखंड की 2 सीटों पर उपचुनाव संपन्न, बेरमो में 60 व दुमका में 65 फीसदी वोटिंग..

झारखंड की दो सीटें, दुमका और बेरमो विधानसभा उपचुनाव के लिए मंगलवार को वोट डाले गए। दोनों ही क्षेत्रों में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार लगभग 63 प्रतिशत मतदान हुआ है, जिसमे बेरमो विधानसभा क्षेत्र में 60.20 प्रतिशत तथा दुमका में 65.27 फीसद वोट पड़े हैं।

वोटिंग सुबह सात बजे से ही शुरू हो गई थी। हालांकि, सुबह में वोटिंग कि रफ्तार धीमी चल रही थी लेकिन दोपहर में दोनों ही सीटों पर मतदान ने गति पकड़ी। दोपहर बाद 3 बजे तक दुमका में 59.10% व बेरमो में 56.30% मतदान हुआ है। इससे पहले सुबह नौ बजे तक दुमका में 13.89 व बेरमो में 12.67 फीसद वोट पड़े थे।

गौरतलब है कि बेरमो में शाम चार बजे तक वोटिंग चली गए, वहीं दुमका में पांच बजे तक वोट पड़े। दोनों ही सीटों पर भारत निर्वाचन आयोग तथा केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा कोरोना से संबंधित जारी दिशा-निर्देशों के तहत पूरी सावधानी व एहतियात के बीच मतदान हुआ। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

अब 10 नवंबर को मतगणना के साथ इस उपचुनाव के नतीजे आएंगे। इस बार चुनाव में दुमका के 12 तथा बेरमो के 16 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होना है। दोनों ही सीटों पर एनडीए और महागठबंधन के प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। जहां दुमका में पूर्व मंत्री तथा भाजपा प्रत्याशी लुइस मरांडी तथा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के छोटे भाई तथा झामुमो प्रत्याशी बसंत सोरेन के बीच मुकाबला है। उधर, बेरमो में पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रसाद सिंह के पुत्र तथा कांग्रेस प्रत्याशी अनूप सिंह उर्फ कुमार जयमंगल तथा पूर्व विधायक व भाजपा प्रत्याशी योगेश्वर महतो बाटुल के बीच मुकाबला है। ज्ञात हो कि, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा सीट छोडऩे से दुमका तथा राजेंद्र प्रसाद सिंह के निधन से बेरमो विधानसभा सीट खाली हुई है।

एक नज़र डालते है दोनों ही सीटों के कुछ महत्वपूर्ण आंकड़ों पर, तो 2019 में हुए लोकसभा तथा विधानसभा चुनाव में दुमका में क्रमश: 67.19 तथा 66.89 फीसद वोट पड़े थे। वहीं, बेरमो में क्रमश: 60.85 तथा 60.82 फीसद वोट पड़े थे।

विधानसभा सीट : दुमका
कुल मतदान केंद्र : 368 (286 मुख्य तथा 82 सहायक मतदान केंद्र)
कुल मतदाता : 2,50,720
पुरुष मतदाता : 1,26,210
महिला मतदाता : 1,24,510
थर्ड जेंडर : 00
80 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाता : 2,068
दिव्यांग मतदाता : 2,910

विधानसभा सीट : बेरमो
कुल मतदान केंद्र : 468 (356 मुख्य तथा 112 सहायक मतदान केंद्र)
कुल मतदाता : 3,12,212
पुरुष मतदाता : 1,64,194
महिला मतदाता : 1,48,017
थर्ड जेंडर : 01
80 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाता : 2,621
दिव्यांग मतदाता : 5,107