झारखंड: गुलाबी ठंड ने दी दस्तक, लोगों ने निकाली कंबल, रजाई..

झारखंड में मॉनसून की वापसी के साथ ही गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के कारण कुछ जगहों पर हो हल्की बारिश से रात को हल्की ठंड का आभास होने लगा है। इस बढ़ती ठंड से बचने के लिए लोगों ने अपने घरों में रजाई-कंबल निकालने शुरू कर दिए है। वहीं दूसरी तरफ रांची मौसम विज्ञान विभाग के वरीय वैज्ञानिक अभिषेक आनंद का कहना है कि राज्य के उत्तर-पश्चिमी इलाके यानी पलामू, गढ़वा, लातेहार और चतरा से मॉनसून की वापसी हो गई है।

साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर..
हालांकि प्रदेश के कुछ इलाको में अगले दो से तीन दिनों में मॉनसून के वापसी की स्थिति बन रही है। बंगाल की खाड़ी में बने साईक्लोनिक सर्कुलेशन का असर रांची समेत प्रदेश के अन्य हिस्सों में देखा जा रहा है। साथ ही प्रदेश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में अगले दो-तीन दिनों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना भी जताई गई है।

धनबाद में हुई सबसे ज्यादा बारिश..
बता दें कि राज्य में पिछले 24 घंटे में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई है। वहीं सबसे अधिक बारिश 22.6 मिमी धनबाद में दर्ज की गयी है। सबसे अधिक तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में दर्ज हुई। जबकि न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस गुमला में रिकॉर्ड किया गया है। वहीं रांची में 0.4 मिमी में बारिश हुई है। प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में भी 22 से लेकर 2 मिमी तक बारिश रिकॉर्ड की गई।