झारखंड सरकार की पहल, आधार पंजीकरण कराना होगा आसान..

राज्य के सभी आम लोगों को अब आधार पंजीकरण सेवा सुगमता से उपलब्ध हो सकेगी। इसके लिए सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, झारखंड सरकार और भारत सरकार द्वारा प्रायोजित संस्था सीएससी ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड (सीएससी एसपीवी) के बीच बुधवार को एमओयू किया गया। जिसके तहत राज्य के सभी आम लोगों को आधार पंजीकरण सेवा सुगमता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य के सभी पंचायत, वार्ड एवं शहरी क्षेत्र में आधार नामांकन, आधार सुधार जैसी सभी महत्वपूर्ण सेवा प्रज्ञा केंद्रों के माध्यम से प्रदान की जायेगी।

संयुक्त सचिव संजय कुमार अम्बष्ठ, प्रोजेक्ट मैनेजर विकास प्रजापति एवं अवर सचिव सुनील पोद्दार एवं सीएससी एसपीवी के राज्य प्रभारी शंभु कुमार और प्रबंधक प्रशांत कुमार की संयुक्त उपस्थिति में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। शंभु कुमार ने राज्य सरकार और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग झारखंड सरकार को धन्यवाद देते हुए बताया की सरकार की इस अनूठी पहल से आम लोगों को आधार की सेवा अब नजदीकी प्रज्ञा केंद्र पर ही उपलब्ध हो जाएगी। जिससे आम लोगों को अब आधार पंजीकरण, संशोधन से सम्बंधित सभी सेवाएं सुगमता से उपलब्ध हो जाएंगी।