झारखंड डीजीपी नीरज सिन्हा को मिला दो साल का एक्सटेंशन,11 फरवरी 2023 तक रहेंगे झारखंड के डीजीपी..

रांची : झारखंड के डीजीपी नीरज सिन्हा को दो साल का एक्सटेंशन मिला है। डीजीपी नीरज सिन्हा अब 11 फरवरी 2023 तक झारखंड के ही डीजीपी रहेंगे। इस बात की जानकारी गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी।

जारी अधिसूचना में कहा गया कि उच्चतम न्यायालय में पारित आदेश के अनुसरण में संघ लोक सेवा आयोग द्वारा गठित रोजगार द्वारा अनुशंसित पैनल से महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, झारखंड के पद पर नीरज सिन्हा को नियुक्त किया गया है। श्री सिन्हा को उनके प्रभार ग्रहण करने की तिथि से दो साल का कार्यकाल यानी 11 फरवरी, 2023 तक एक्सटेंशन दिया जाता है। इधर, शुक्रवार को झारखंड डीजीपी नीरज सिन्हा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस भेंट को भले ही शिष्टाचार मुलाकात बताया जा रहा है, लेकिन राज्य में विधि व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। बता दें कि झारखंड डीजीपी नीरज सिन्हा के आने के बाद से झारखंड पुलिस नक्सलियों पर शिकंजा कसने में कामयाब हुई है।

डीजीपी नीरज सिन्हा के पदभार ग्रहण करते ही नक्सलियों को मुख्यधारा में लौटने की अपील की थी।साथ ही कहा था कि नक्सली अगर मुख्यधारा में नहीं लौटते हैं, तो मारे जायेंगे। इसके बाद से ही झारखंड पुलिस नक्सलियों पर नकेल कसने लगी है।