राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप में झारखंड का जलवा बरकरार, फाइनल में बनाई जगह..

11वीं नेशनल जूनियर वीमेंस हॉकी चैंपियनशिप में झारखंड और हरियाणा की टीमें फाइनल में पहुंच गयी हैं। फाइनल मुकाबला 29 अक्टूबर शुक्रवार को खेला जायेगा। यह प्रतियोगिता झारखंड के सिमडेगा में पिछले 20 अक्टूबर से चल रही है। आज खेले गये पहले सेमीफाइनल में हरियाणा ने नजदीकी मुकाबले में चंडीगढ़ को 3-2 से शिकस्त दी। हरियाणा की ओर से नीलम ने दूसरे और 54वें मिनट में गोल किया। इसके अलावा प्रीति ने 21 वें मिनट में एक गोल दागा। चंडीगढ़ की ओर से कविता और आरती कश्यप ने एक- एक गोल किया।

दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में मेजबान झारखंड ने महाराष्ट्र की टीम को 3-1 के अंतर से हराया। मुकाबला बेहद संघर्षपूर्ण रहा। इस तरह से झारखंड की टीम ने लगातार तीसरे वर्ष फाइनल में जगह बनाई है। झारखंड की ओर से 14वें मिनट में रोपनी कुमारी ने पहला गोल किया। इसके बाद महाराष्ट्र की ओर से 17वें मिनट में काजल ने गोल किया। इसके बाद 42वें मिनट में झारखंड के लिए दीपिका सोरेंग और 50 वें मिनट में काजल बाड़ा ने गोल मारा। अंतत: मुकाबला 3-1 से छूटा।

बता दें कि इस प्रतियोगिता में कुल 26 राज्यों की टीमों ने भाग लिया। इसी प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर भारत की जूनियर महिला हॉकी टीम की खिलाड़ियों का चुनाव होगा। 29 को दोपहर 3 बजे से होने वाले फाइनल मैच में खेल मंत्री हफीजुल हसन बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। 20 अक्टूबर को शुरू हुई प्रतियोगिता का उद्घाटन झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया था।