नेतरहाट जा रहे मुख्‍यमंत्री के काफिले में शामिल दो वाहन टकराए..

नेतरहाट जाने के क्रम में गुरुवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सुरक्षा में चल रहे काफिले में दूसरी गाड़ी के आ जाने से 2 गाड़ियों के बीच भिड़ंत हो गयी। इस घटना में मुख्यमंत्री बाल-बाल बच गये। गुमला से लोहरदगा जाने के क्रम में घाघरा स्थित चांदनी चौक के साथ यह घटना घटित हुई। काफिले के बीच में अचानक आये स्कार्पियो को नुकसान हुआ है, वहीं स्कार्पियो से टकराने के कारण मुख्यमंत्री के ऑडी गाड़ी को आंशिक क्षति पहुंची है।

जोरदार टक्कर के कारण सुरक्षा व्यवस्था में लगे अधिकारियों और जवानों के होश उड़ गए। हालांकि मुख्यमंत्री का वाहन आगे बढ़ता गया। स्कार्पियो वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया। इस वाहन को घाघरा थाना की पुलिस बाद में थाना परिसर ले गई। स्कार्पियो में सीएमओ कार्यालय के रिपोर्टर बैठे हुए थे। उनका कैमरा उसी में छूट गया था। कैमरे को बाद में बीडीओ के वाहन से नेतरहाट भेजा गया।

बता दें कि मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन आज नेतरहाट के लिए रांची से सड़क मार्ग से निकले थे। इस दौरान वे रास्‍ते में लोहरदगा में भी रुके। लोहरदगा में एसपी और डीसी ने उनका स्‍वागत किया। यहां से वे आगे बढ़े। रास्‍ते में गुूमला में यह हादसा हुआ। बताया गया है कि मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन सुरक्षित हैं।