खरना संपन्न, अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य आज देंगे श्रद्धालु..

छठ महापर्व को लेकर गुरुवार की देर शाम सूर्यास्त के बाद परंपरागत रूप से पूजा-अर्चना कर छठ व्रतियों ने खरना अनुष्ठान संपन्न किया। खरना अनुष्ठान के बाद प्रसाद पाने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने छठ व्रतियों के यहां पहुंचकर छठ मईया का आशीर्वाद लेते हुए खरना अनुष्ठान का प्रसाद ग्रहण किया। लोगों ने भक्ति भाव के साथ प्रसाद ग्रहण किया। छठ मईया का आशीर्वाद लेकर अपने परिवार के सुख, समृद्धि और शांति के लिए प्रार्थना की। जिन घरों में छठ नहीं हो रहा है, वहां के लोग भी पूरे तन, मन, धन के साथ सहयोग में जुटे हुए हैं। छठ पर्व को लेकर एक अलग ही उल्लास नजर आ रहा है। शहर से लेकर गांव तक छठी मईया की महिमा गूंज रही है। भगवान सूर्य और छठ मईया की आराधना का महापर्व भक्तों को आराधना में लीन कर चुका है। इसके साथ ही छठ महापर्व का उल्लास अपने चरम पर पहुंच गया है। छठ व्रतियों के यहां भक्ति गीत भी बज रहे हैं। छठ गीत के बजने से पूरा वातावरण भक्तिमय हो चुका है।

अब आज अस्ताचलगामी सूर्य को अ‌र्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके बाद शनिवार को उदीयमान सूर्य को अ‌र्घ्य अर्पित करने के साथ सूर्योपासना का महापर्व छठ संपन्न होगा। इधर कोरोना संक्रमण को लेकर झारखंड सरकार द्वारा जारी निर्देशों का भी लोगों ने पालन किया है। निर्देशों के अनुपालन को लेकर प्रशासनिक अधिकारी भी नजर रखे हुए थे। इसके साथ ही छठ महापर्व का उल्लास अपने चरम पर पहुंच गया है।