स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता हुए कोरोना संक्रमित, आम लोगों से की ये अपील..

रांची: राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। इसकी जानकारी उन्होंने खुद ट्वीट कर दी है। ट्वीट करते हुए मंत्री ने बताया है कि कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब थी। वे सर्दी-खांसी से परेशान थे। इसके बाद उन्होंने कोविड जांच कराई। जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही उन्होंने संपर्क में आने वालों को भी कोरोना जांच कराने की सलाह दी है। राज्य के अपर मुख्य स्वास्थ्य सचिव अरुण कुमार सिंह भी दो दिन पहले संक्रमित हो चुके हैं। वे अपने घर में आइसोलेट हैं। विभाग के कई अधिकारी भी संक्रमित हो चुके हैं।

इससे पहले अगस्त 2020 में भी स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता कोरोना संक्रमित हुए थे। तब इन्हें लगभग एक सप्ताह तक RIMS में एडमिट होना पड़ा था। मंत्री कोरोना के टीका दोनों डोज भी लगवा चुके हैं। बता दें की अभी रांची में कोरोना तेजी से फैल रहा है। शुक्रवार रात तक रांची में एक्टिव मरीजों की संख्या 7 हजार के पार पहुंच गई है। फिलहाल रांची में 7108 एक्टिव मरीज हैं। इसमें 95% से ज्यादा मरीज होम आइसोलेशन में रहकर अपना इलाज करवा रहे हैं।

रांची में लगातार बढ़ रहे मरीजों को देखते हुए सदर अस्पताल में तैयारियां दुरुस्त की जा रही हैं। दो दिन पहले जहां बेड की संख्या 150 बढ़ाकर 450 कर दिया गया था। वहीं अब सदर अस्पताल में इंस्टॉल्ड लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन प्लांट शुरू करने की अनुमति मिल गई है। अब यहां के मरीजों को ऑक्सीजन की किल्लत नहीं होगी। जरूरत पड़ने पर अब पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन उपलब्ध हो सकेगा।