राज्य में 9 से बारिश के आसार, बढ़ेगी ठंड..

झारखंड में रविवार से मौसम में बड़ा बदलाव होने वाला है। उत्तर पश्चिम एवं समीप के मध्य भाग में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। पांच दिन तक बारिश की संभावना के बीच मौसम केंद्र ने मेघ गर्जन और वज्रपात का यलो अलर्ट भी जारी किया है। अगले 72 घंटे तक राज्य में कहीं-कहीं कोहरा भी छाया रहेगा। जानकारी के मुताबिक उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान में शुक्रवार से ही साइक्लोनिक सरकुलेशन बनने लगा है। इसका असर नौ जनवरी से झारखंड के पलामू प्रमंडल समेत आसपास के इलाके में दिखेगा।

नौ जनवरी को डालटनगंज, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, चतरा, कोडरमा और मध्य भाग के रांची समेत आसपास के अन्य इलाके में बारिश हो सकती है। दस जनवरी को उत्तरी और मध्य भाग, 11 और 12 जनवरी को राज्य के कई स्थान पर और 13 जनवरी को राज्य में कुछ स्थान पर बारिश हो सकती है। मौसम पूर्वानुमान में आने वाले तीन से चार दिन के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेसि की बढ़ोतरी होगी। इसके बाद तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।