झारखंड में अभी ठंड से नहीं मिलेगी राहत, शीतलहरी व कोहरे ने ढाया कहर..

झारखंड में सर्द पछुआ हवा के बहाव से मंगलवार को 10 जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे चला गया। डालटनगंज में शीत दिवस और बोकारो में शीतलहर की स्थिति बनी रही। दिनभर कड़ाके की ठंड से लोग अपने घरों में दुबके रहे। सिर्फ अति आवश्यक काम से ही लोग घरों से बाहर निकले। उत्तर पश्चिम दिशा से बफीर्ली हवा के बहाव की वजह से दिन में खिली धूप के बीच कनकनी बनी रही। सूरज ढलने के बाद ठंड में तीखापन और बढ़ गया। जिस वजह से लोगों को सोमवार की तुलना में ज्यादा ठंड का अहसास हुआ। शाम होते ही लोग जरूरी काम निपटा कर घर पहुंचने की जल्दीबाजी में दिखे। सूरज ढलते ही सड़कें सूनी होने लगीं। शहर की तुलना में ग्रामीण इलाके में हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा और धुंध की स्थिति भी बनी रही।

मौसम केंद्र के वैज्ञानिकों के मुताबिक उपरी स्तर पर सर्द हवा का बहाव आने वाले 24 घंटे तक जारी रहेगा। इसके बाद तापमान में दो से चार डिग्री सेसि की बढ़ोतरी होगी। बताया गया कि राज्य के दस प्रमुख शहरों रांची, जमशेदपुर, डालटनगंज, बोकारो, चाईबासा, देवघर, गोड्डा, गुमला, गढ़वा और गिरिडीह में न्यूनतम तापमान दस डिग्री सेसि से नीचे चल रहा है। यहां का न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.9 से 5.7 डिग्री सेसि तक नीचे चल रहा है। बोकारो थर्मल और गढ़वा में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेसि रहा। वहीं मौसम पूर्वानुमान में सुबह में कई इलाके में कोहरा और धुंध की स्थिति बनी रहेगी। वहीं 22 जनवरी को उत्तरी भाग में और 23 जनवरी को राज्य में कुछ स्थान पर हल्की वर्षा के आसार हैं।