JMM सुप्रीमो शिबू सोरेन के सैंपल की होगी जीनोम सिक्वेंसिंग, अर्जुन मुंडा भी कोरोना पाज‍िट‍िव..

रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन पुन: कोरोना संक्रमित हो गए हैं। स्‍वास्‍थ्‍य व‍िभाग ने उनके सैंपल की जीनोम स‍िक्‍वेंस‍िंंग कराने का न‍िर्णय ल‍िया है। इसके ल‍िए सैंपल को ओड‍िशा की राजधानी भुवनेश्वर भेजने की योजना है। स्‍वास्‍थ्‍य व‍िभाग की मानें तो झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन वर्तमान में होम आइसोलेशन में हैं। सिविल सर्जन डाक्‍टर व‍िनोद कुमार के अनुसार मुख्यमंत्री आवास पर मौजूद चिकित्सक श‍िबू सोरेन की देखरेख कर रहे हैं। होम आइसोलेशन में रह रहे शिबू सोरेन की स्थिति अभी सामान्य है। उनमें कोई खास लक्षण नहीं दिखाई दे रहा है।

सिविल सर्जन डाक्‍टर व‍िनोद कुमार ने बताया कि श‍िबू सोरेन के सैंपल की जीनोम स‍िक्‍वेंस‍िंंग कराई जाएगी। नमूने को जल्द ओडिशा भेजा जाएगा। शिबू सोरेन को दूसरी दफा कोरोना हुआ है। वे वर्ष 2020 में भी कोरोना वायरस संक्रमण की चपेट में आ गए थे। जिसके बाद सांस लेने में तकलीफ होने पर पहले उन्हें रांची के मेदांता और फिर बेहतर इलाज के लिए गुडग़ांव मेदांता में भर्ती कराया गया था।

गौरतलब है कि मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन का पर‍िवार भी कोरोना संक्रमण की चपेट में इस बार आ चुका है। उनकी पत्‍नी और दोनों बच्‍चों के अलावा मुख्‍यमंत्री आवास के कई कर्मचारी संक्रम‍ित हो गए थे। इस समय भी सभी होम आइसोलेशन में ही हैं। कुल 30 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। उधर, खबर आ रही क‍ि आद‍िवासी मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा भी कोरोना संक्रम‍ित हो गए हैं। उन्‍होंने इसकी जानकारी देते हुए प‍िछले कुछ द‍िनों में संपर्क में आए लोगों से तुंरत जांच करा लेने की सलाह दी है। केंद्रीय मंत्री तत्‍काल होम आइसोलेशन में चले गए हैं।