बिगड़ते मौसम की वजह से शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो की चेन्नई से वापसी टली..

झारखंड के बदलते मौसम को देखते हुए शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो की वापसी टल गई है | राज्य में ठंड बढ़ने व बारिश होने की आशंका की वजह से शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो की चेन्नई से वापसी पर विराम लग गया है | चेन्नई के डॉक्टरों ने शिक्षा मंत्री को फिलहाल वहीं रुकने की सलाह दी है | वहीं , मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी लगातार शिक्षा मंत्री के संपर्क में हैं और मुख्यमंत्री ने भी उन्हें फिलहाल वहीं रुकने की सलाह दी है | शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के परिजनों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने भी ठंड थोड़ी कम होने के बाद ही लौटने की सलाह दी है | उनका कहना है कि अभी जो स्थिति है और डॉक्टरों के परामर्श के अनुसार ठंड में लौटने पर दिक्कत बढ़ सकती है | अचानक ठंड में आने से उनके संक्रमित होने का खतरा भी बढ़ सकता है| हालांकि ,अभी चेन्नई का मौसम 30 के आसपास है, जबकि रांची में अभी तापमान कभी 26 या कभी 19 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जा रहा है | साथ ही मौसम विभाग की ओर से अभी बारिश होने की आशंका जाहिर की गई है | इस तरह नमी के साथ-साथ तापमान में भी गिरावट दर्ज किया जा सकता है |

आपको बता दे कि नवंबर महीने में ही शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के संक्रमित फेफड़े का ट्रांसप्लांटेशन किया गया था | जिसके बाद उन्हें दो महीने तक डॉक्टरों की निगरानी में चेन्नई अस्पताल में ही रखा गया था | उनके इलाज में करीब एक करोड़ से अधिक रुपए खर्च होने की बात कही जा रही है | जिसमें से राज्य सरकार ने कैबिनेट में प्रस्ताव लाकर शिक्षा मंत्री के इलाज के लिए 80 लाख रुपए जारी किया जा चुका है |

सूत्रों के अनुसार शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो फरवरी के अंतिम सप्ताह तक वापस लौट सकते हैं | शिक्षा मंत्री को चेन्नई में एजीएम अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है | शिक्षा मंत्री ने खुद बताया था कि वे बसंत पंचमी को रांची लौटने से पहले कुछ दिन चेन्नई में ही रूकेंगे | माना जा रहा था कि वह बसंत पंचमी तक रांची लौट सकते हैं | शिक्षा मंत्री ने चेन्नई में ही एक निजी मकान लिया है, जहां पर वे रह रहे हैं |