दुमका विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों ने किया नामांकन, सबसे धनवान लुईस, बसंत भी करोड़पति..

दुमका विधानसभा उपचुनाव को लेकर सरगर्मी बढ़ने लगी है| कई प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है| हालांकि मैदान में जो मुख्य मुकाबला है वो दो उम्मीदवार, डॉ लुइस मरांडी और बसंत सोरेन के बीच है| भाजपा की ओर से लुइस मरांडी और झामुमो से बसंत सोरेन ने नामांकन कर दिया है|

प्रत्याशियों द्वारा भरे गए नामांकन पर्चे के अनुसार इन सब में बसंत सोरेन और डॉ लुइस मरांडी, दोनों ही करोड़पति हैं|इसके अलावा सबसे धनवान डॉ लुइस मरांडी हैं|

भाजपा उम्मीदवार डॉ लुइस मरांडी 11.80 करोड़ रुपये की मालकिन हैं| साल भर में उनकी संपत्ति 2.74 करोड़ रुपये बढ़ी है|2019 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान जो हलफनामा उन्होंने दाखिल किया था, उसमें उनकी संपत्ति 9 करोड़ 6 लाख 39 हजार रुपये थी| इस बार जो उन्होंने हलफनामा दाखिल किया है उसके अनुसार उनकी संपत्ति अब बढ़कर लगभग 11 करोड़ 80 लाख रुपये हो गयी है|

एमए पीएचडी की डिग्री रखने वालीं डॉ लुइस मरांडी (55) के पास चल संपत्ति के तौर पर खुद के नाम पर 8 करोड़ 59 लाख 35 हजार 543 रुपये, पति के नाम पर 64 लाख 10 हजार 419 रुपये, पुत्र के नाम पर 20.84 लाख व 46.48 लाख रुपये की संपत्ति है|

बात करें अचल संपत्ति की तो उनके खुद के नाम पर 1.61 करोड़ रुपये के लगभग की, पति के नाम पर 29.44 लाख रुपये की संपत्ति है|वहीं एसबीआइ सरसडंगाल से उन्होंने 91.76 लाख रुपये का ऋण ले रखा है| उनके पति बी किस्कू ने भी 2.61 लाख रुपये का ऋण लिया है|इसके अलावा बेटे के नाम पर भी 28 लाख रुपये का ऋण है|

दूसरी तरफ, झामुमो के प्रत्याशी और पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन के पुत्र बसंत सोरेन ने द्वारा दाखिल शपथ पत्र के मुताबिक वो 10वीं पास हैं| बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर-05 ए, हाउस नंबर 3030 में निवासी 41 वर्षीय बसंत सोरेन के नाम पर 1 करोड़ 51 लाख 23 हजार 306 रुपये की चल और 3 करोड़ 26 लाख रुपये की अचल संपत्ति है| उनकी पत्नी हेमलता सोरेन भी करोड़पति हैं| हेमलता के पास 65 लाख 48 हजार 459 रुपये की चल व 54 लाख रुपये की अचल संपत्ति है|

बसंत सोरेन के नाम पर करीब 2.51 करोड़ रुपये का कर्ज है| पत्नी की भी 1 लाख 34 हजार रुपये की देनदारी है| बसंत सोरेन ने खुद की और अपनी पत्नी की आमदनी का स्रोत व्यवसाय व अन्य बताया है| बसंत सोरेन के पास नकद 19 लाख 23 हजार 570 रुपये हैं, जबकि पत्नी के पास 16 लाख 26 हजार 673 रुपये हैं| बसंत के दो बैंक खातों में 11 लाख 87 हजार 124 रुपये हैं, जबकि पत्नी के एक बैंक खाते में 2 लाख 23 हजार 12 रुपये हैं|

इन दो प्रमुख नेताओं के अलावा, एपीआइ अर्थात आंबेडकराइट पार्टी ऑफ इंडिया के टिकट पर 25 वर्षीय दुलड़ मरांडी ने नामांकन किया है|सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट की डिग्री हासिल करने वालीं दुलड़ मरांडी दिग्घी की रहनेवाली हैं|वो समाज सेवा करती हैं|उनके द्वारा दिये गए हलफनामे के मुताबिक उनके पास संपत्ति के नाम पर 25 हजार रुपये नकद और 10 हजार रुपये का अन्य निवेश है|1,000 रुपये का नेकलेस व 500 रुपये की चूड़ियां हैं| उनके खिलाफ एक भी आपराधिक केस दर्ज नहीं है|

सिदपहाड़ी-छैलापाथर निवासी बाबूधन मुर्मू ने बतौर निर्दलीय प्रत्याशी नामांकन किया है|56 वर्षीय बाबूधन दो कांडों में सजा भी काट चुके हैं| एक में उन्हें दो साल पांच महीने और दूसरे में दो साल की सजा हुई थी| उनके पास खुद की चल संपत्ति 22,521 रुपये, पत्नी के पास 38,268 रुपये, बच्चों के पास 1,000 रुपये व 25,450 रुपये हैं| इसके अलावा खुद के नाम पर दस लाख व पत्नी के नाम पर 15 लाख रुपये की अचल संपत्ति है| उन्होंने खुद को सातवीं कक्षा पास बताया है|