रेल रोको अभियान के तहत राज्य में जगह-जगह शुरू हुआ प्रदर्शन..

किसान आंदोलन के समर्थन में देशव्यापी रेल रोको अभियान की शुरुआत हो गई है। झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में भी अभियान शुरू हो गया है। इस आंदोलन को राज्य के वामदलों और जन संगठनों की ओर से समर्थन दिया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, 4 घंटे तक रेल सेवाएं बाधित की जाएंगी। इसके तहत दोपहर 12 बजे से चार बजे तक रेल लाइनें रोकी जाएंगी। हालांकि रेलवे बोर्ड ने भी इससे निपटने के लिये तैयारी की है। आरपीएफ को प्रदर्शन पर निगरानी रखने की जिम्मेवारी दी गयी है।

झारखंड में रेल रोको अभियान के तहत कुछ खास स्थानों को चिन्हित किया गया है। जिसमें कोडरमा, नामकुम, टोरी, कुमारडुभी, पलामू,बोकारो, गिरिडीह, मधूपुर में अभियान शुरू हो गया है। ज्ञात हो कि कुछ दिन पहले सीपीआइ (एम) की राज्य कमेटी की बैठक में इसका निर्णय लिया गया था।

स्थानीय लोगों का समर्थन
सीपीआइएम के प्रकाश विप्लव ने आज के आंदोलन को लेकर बताया कि स्थानीय लोगों ने भी प्रदर्शन में समर्थन दिया है। जो जानकारी अब तक हासिल हुई है उसके मुताबिक अलग -अलग स्थानों में प्रदर्शन शुरू हो गया है। कुछ रेलवे स्टेशनों पर सांकेतिक प्रदर्शन भी हो रहे है। प्रकाश विप्लव ने बताया कि किसान हित में केंद्रीय मोर्चा की ओर से जिस भी आंदोलन का आह्वान किया जायेगा, उसे राज्य में भी आहूत किया जायेगा।

वामदलों का कहना है कि ये चार घंटे का रेल रोको प्रदर्शन केंद्र सरकार सरकार के खिलाफ है। देश के किसान लंबे समय से आंदोलनरत है लेकिन सरकार इनकी मांगों को पूरा नहीं कर रही।

उक्त प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए रेलवे बोर्ड ने आरपीएफ को जिम्मेदारी दी है। जिसके तहत आरपीएफ रेलवे लाइनों और स्टेशनों में प्रदर्शनकारियों पर नजर रखेगी। फिलहाल जगह जगह प्रदर्शन की शुरुआत ही गई है तो इस दौरान चार घंटे रेलवे लाइनों और स्टेशनों में आवागमन बंद रखा जायेगा। उम्मीद जताई जा रही है कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण होगा।