रांची पहुंची कोरोना वैक्सीन की पहली खेप, नामकुम के वेयरहाउस में पहुंचाया गया..

कोरोना वैक्सीन के लिए झारखंड वासियों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया| वैक्सीन की पहली खेप राजधानी रांची पहुंच गई है| जानकारी के मुताबिक पुणे स्थित सीरम इंस्टीट्यूट से आई इस पहली खेप में 16 हजार वायल हैं जिसमें टीके का 1.66 लाख डोज होंगे| बता दें कि, झारखंड समेत पूरे देश में 16 जनवरी से वैक्सीनेशन शुरू हो रहा है| फिलहाल राज्य में 275 वैक्सीन सेंटर बनाए गए हैं, वहीं 129 केंद्रों से वैक्सीनेशन की शुरुआत होने जा रही है|

वैक्सीन के रांची एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उसे डीप फ्रीजर वाले वाहनों से नामकुम स्थित स्टेट वैक्सीन सेंटर पहुंचाया गया| यहीं से राज्य के निर्धारित सेंटरों तक वैक्सीन भेजा जाएगा| हालांकि, पलामू औऱ देवघर के लिए आज ही इसे रवाना किया जा रहा है| वैक्सीनेशन वाले दिन, यानी कि 16 जनवरी को दो टीकाकरण सेंटर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से जुड़े होंगे|

बता दें कि, मंगलवार को दिल्ली समेत देश के 13 शहरों के लिए वैक्सीन रवाना की गई थी| झारखंड में पहुंची पहली खेप में 16200 वायल टीके है| एक वायल से दस लोगों को टीका दिया जाएगा| टीकाकरण अभियान के पहले दिन 129 केंद्रों पर 100-100 लोगों को टीका दिया जाएगा| 275 वैक्सीन सेंटर में एक स्टेट, तीन रीजनल, 24 जिले के अलावा 248 सीएचसी व पीएचसी को सेंटर बनाया गया है|