कोरोना ने फिर डराया: रांची में कोरोना से एक की मौत, जमशेदपुर में एक दर्जन छात्र संक्रमित..

लंबे समय बाद कोविड-19 संक्रमण से रांची में एक व्यक्ति की मौत के बाद उपायुक्त रांची ने लोगों से सावधान रहने की अपील की है। उपायुक्त ने कहा कि सामान्य स्थिति में संक्रमण से मौत गंभीर है। रांची वासियों से उपायुक्त ने कोरोना गाइडलाइंस का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अनावश्यक घर से बाहर ना निकलें, मास्क, सैनिटाइजर और सोशल डिस्टेंसिंग का पूरी तरह से पालन करें। साथ ही उपायुक्त ने कोविड-19 का टीका लेने की अपील भी लोगों से की है ताकि कोरोनावायरस के खतरे को कम किया जा सके।

बता दें की कोरोना संक्रमण के बढ़ने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन रांची द्वारा व्यवस्था दुरुस्त करने की कवायद शुरू कर दी गई है। आज उपायुक्त रांची छवि रंजन ने कोविड-19 के संक्रमण के रोकथाम के लिए जिला स्तर पर बनाए गए सभी कोषांगों के साथ बैठक की। इसमें सभी सेल के वरीय पदाधिकारियों के साथ अन्य संबंधित पदाधिकारी भी उपस्थित थे। बैठक के दौरान उपायुक्त ने टेस्टिंग, ट्रेसिंग, ट्रीटमेंट के साथ वैक्सीनेशन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। बैठक में सबसे पहले उपायुक्त श्री छवि रंजन ने कोविड-19 जांच के बारे में जानकारी ली। संक्रमण के बढ़ने की आशंका को देखते हुए उपायुक्त ने जिला में जांच का दायरा बढाने का निदेश दिया। सिविल सर्जन रांची से जांच टीम के बारे में जानकारी हासिल करते हुए उन्होंने टेस्टिंग सेल के पदाधिकारी को भी इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिये।

बेड एवं ऑक्सीजन आपूर्ति की ली जानकारी..
उपायुक्त छवि रंजन ने बैठक के दौरान जिला कोविड अस्पताल में बेड एवं ऑक्सीजन आपूर्ति के बारे में भी सिविल सर्जन से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बेड वाइज ऑक्सीजन आपूर्ति की समीक्षा करें। उपायुक्त ने सिविल सर्जन को विभिन्न सामुदायिक केन्द्रों में कितने जगह ऑक्सीजन कंस्ंट्रंेटर हैं, कितने जगह पाइपलाइन और सिलेंडर से ऑक्सीजन आपूर्ति हो रही है, इसकी रिपोर्ट देने को कहा। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय वरीय पदाधिकारी विभिन्न सीएचसी में ऑक्सीजन आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी लेंगे।

होम आइसोलेशन सेल की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने प्रतिदिन कितने कोविड-19 मरीजों को कॉल किया जा रहा है इसकी जानकारी ली। उपायुक्त ने कहा कि जिले में कितने सिंप्टोमेटिक और एसिंप्टोमेटिक मरीज हैं, डॉक्टर्स नियमित रूप से परामर्श दे रहे हैं या नहीं, मरीजों को मेडिसिन किट मिला या नहीं और कंटेनमेंट जोन बने या नहीं इसके डेली रिपोर्ट दें।

बैठक के दौरान उपायुक्त छवि रंजन द्वारा जिला में कोविड-19 वैक्सीनेशन कार्य के भी समीक्षा की गई। 12-14 एवं 15-18 वर्ष आयु वर्ग के वैक्सीनेशन की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने आवश्यक दिशा निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों में माइक्रो प्लान बनाकर वैक्सीनेशन कैंप लगाया जाए। उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधीक्षक को प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी और एमओआईसी द्वारा सभी स्कूलों के लिए माइक्रो प्लान बना कर 2 दिनों के भीतर उपलब्ध कराने का निदेश दिया। अन्य कोषांगों की समीक्षा करते हुए भी उपायुक्त द्वारा संबंधित वरीय पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

एनआइटी जमशेदपुर में 13 स्टूडेंटस कोरोना पाजिटिव मिले..
उधर, पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर एनआइटी में 13 स्टूडेंटस कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। यहां 100 छात्रों की जांच की गई थी, इसमें ये छात्र संक्रमित मिले। इनमें से तीन छात्र टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। इनका इलाज चल रहा है। स्थिति गंभीर देखते हुए एनआइटी में मास्क पहनकर रहना अनिवार्य कर दिया गया है। बताया गया कि मंगलवार को भी यहां कोरोना की जांच होगी। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में मरीज मिलने से प्रशासन की नींद उड़ गई है। मालूम हो कि पिछले महीने जमशेदपुर में कोरोना से एक मरीज की मौत हो चुकी है।

राज्य में 308 एक्टिव केस
वर्तमान में राजधानी रांची में 119 एक्टिव केस है। इसके अलावा देवघर में 64, पूर्वी सिंहभूम में 46 और हजारीबाग में एक्टिव केस की संख्या 20 हो गयी है। इसके अलावा 12 जिलों में इकाई अंक में एक्टिव केस है। वहीं, आठ जिले कोरोना फ्री है। इन जिलों में एक भी एक्टिव केस नहीं है।