द्रौपदी मुर्मू ने जेएमएम सुप्रीमो शिबू सोरेन और सीएम हेमंत सोरेन से की मुलाकात..

रांची: एनडीए की राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने आज शाम झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रमुख शिबू सोरेन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी मुलाकात की। एनडीए के विधायकों और सांसदों के साथ 2 घंटे औपचारिक बैठक के बाद मुर्मू बीएनआर होटल से सीधा कांके रोड स्थित सीएम आवास पहुंचे। उनके साथ केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, अन्नपूर्णा देवी और अर्जुन मेघवाल समेत प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश भी मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। वहां उनकी मुलाकात झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से हुई। मुलाकात के दौरान द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें अपने कार्यकाल की याद दिलाई और उनसे राष्ट्रपति पद के लिए समर्थन मांगा।

इससे पहले द्रौपदी मुर्मू के रांची आगमन को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर उनका स्वागत भी किया। अपने ट्वीट में सीएम सोरेन ने लिखा है कि बिरसा मुंडा की धरती पर द्रौपदी मुर्मू का स्वागत है।

दरअसल महागठबंधन में शामिल झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अभी तक राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार को समर्थन को लेकर अपना स्टैंड क्लियर नहीं किया है। हालांकि झारखंड मुक्ति मोर्चा के कई विधायकों के मन में द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने की बात है। यह बात 25 जून को हुई पार्टी के विधायक दल की बैठक में भी उठी थी। वहीं सोमवार की सुबह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के ट्वीट से यह भी साफ होता जा रहा है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा का झुकाव द्रौपदी मुर्मू की तरफ ही है। हालांकि अभी तक इसकी औपचारिक घोषणा होनी बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *