मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिले कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय..

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव और झारखंड कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय ने मुलाकात की। बताया गया कि मुख्यमंत्री से यह उनकी शिष्टाचार भेंट थी। इस दौरान मुख्यमंत्री एवं झारखंड कांग्रेस प्रभारी के बीच राज्य में चल रहे विकास कार्यों सहित अन्य मुद्दों पर देर तक चर्चा हुई। मौके पर मंत्री आलमगीर आलम एवं झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर उपस्थित थे। गौरतलब है की झारखंड में 10 जून को होने वाली राज्‍यसभा की 2 सीटों के चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय की इस मुलाकात के खास मायने निकाले जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि कांग्रेस ने राज्‍यसभा की एक सीट के लिए अपनी लॉबिंग तेज कर दी है। आज की इस मुलाकात में कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव में अपने प्रत्याशी के लिए झामुमो पर दबाव बनाया है। अविनाश पांडेय के साथ सरकार के मंत्री आलमगीर आलम और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर भी मौजूद रहे।