धूप निकलने के साथ ही बढ़ी कनकनी, 24 घंटे में रांची का तापमान 5.1 डिग्री गिरा..

झारखंड में लगभग 5 दिनों बाद आसमान पूरी तरह साफ हो गया। रांची में करीब एक सप्ताह के बाद मौसम साफ हुआ और धूप खीली। लेकिन सुनहरी धूप के बीच ठंडी हवाओं ने कनकनी बढ़ा दी। शाम के बाद भी पारा दो डिग्री तक नीचे गिरा। अभी अगले तीन दिनों तक कोल्ड वेव का असर देखने को मिलेगा। इस कोल्ड वेव से बचने की हिदायत मौसम विज्ञानियों ने दी है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रहा। एक फरवरी से फिर मौसम में बदलाव होने की संभावना है। आकाश में बादल छाये रहने की संभावना है।

इन इलाकों मे देखने को मिलेगा कोल्ड वेव का असर..
उत्तरी व मध्य हिस्साें यानी रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, जामताड़ा पाकुड़ व साहेबगंज में कोल्ड वेव का असर सामान्य से कम देखने को मिलेगा जबकि दक्षिणी हिस्से यानी पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा में कोल्ड वेव का असर देखने को मिलेगा। अगले 2-3 दिनों तक तापमान में भी गिरावट के संकेत दिए गए हैं।

राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, झारखंड में 15 फरवरी के बाद से लोगों को ठंड से पूरी तरह से निजात मिलने की संभावना है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक-सी एवं प्रभारी अभिषेक आनंद ने कहा की राज्य के दक्षिणी हिस्से में अगले दो-तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। राजधानी रांची समेत सभी हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा। आसमान साफ रहेंगे लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट का पूर्वानुमान है।