कामदेव द्वारा बनाई गई बैटरी वाली बाइक चलाते नजर आये सीएम..

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को एक बैटरी वाली बाइक चलाते हुए दिखे| दरअसल मुख्यमंत्री आवास में कामदेव पान अपनी बनाई हुई बैटरी वाली बाइक लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करने पहुंचे| फिर क्या था, मुख्यमंत्री ने खुद ही बाइक चलाकर इसका जायजा लिया|

सरायकेला-खरसवां जिला के बासुरदा गांव के निवासी श्री कामदेव पान ने एक इको- फ्रेंडली बैटरी वाली बाइक बनाई है| इसे लेकर वो कांके रोड मुख्यमंत्री आवास पहुंचे| मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बाइक देखकर बेहद खुश हुए और कामदेव की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है| अब जरूरत है राज्य के युवा वर्ग को प्रोत्साहित कर आगे बढ़ाने की | उन्होंने कहा कि हमारी सरकार राज्य के युवाओं को सही दिशा देने का हर संभव प्रयास कर रही है|

कामदेव पान ने मुख्यमंत्री को अपनी बैटरी से चलनेवाली इस बाइक की फीचर्स के बारे में पूरी जानकारी दी| कामदेव ने बताया कि ये बाइक पूरी तरह से आधुनिक है| उनके द्वारा निर्मित की गयी ये बाइक फुल चार्ज होने पर 50 से 60 किलोमीटर की माइलेज देती है|

पर्यावरण के दृष्टिकोण से भी ये बाइक काफी अनुकूल है क्योंकि इससे ना तो धुआं निकलता है ना ध्वनि होती है| बाइक की बैटरी डिस्चार्ज होने पर पैडल से भी इसे चलाया जा सकता है|