झारखंड में हाई प्रोफाइल मर्डर.. सीएम सचिवालय के अधिकारी के माता-पिता की गला रेतकर हत्या..

झारखंड के पलामू जिले में अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। यहाँ झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का के आप्त सचिव अरविंद कुमार के माता-पिता की घर में घुसकर हत्‍या कर दी गई है। इधर जानकारी की मिलते ही एसपी चंदन सिन्हा के साथ सदर एसडीएम राजेश शाह एवं कई पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों की जांच में जुटी है। जांच के लिए एक डॉग स्क्वायड टीम को भी लगाया गया है। साथ ही रांची से एक विशेष टीम बुलाई गयी है, ताकि गहनतापूर्वक इस हत्या की जांच हो सके। बता दें की आप्त सचिव अरविंद कुमार का घर जिले के मेदनीनगर के कुंड मोहल्ला में है।

बताया जाता है की अधिकारी के माता-पिता 75 वर्षीय फौजी राजेश्वर चंद्रवंशी व उनकी 70 वर्षीय पत्नी शर्मिला देवी रात का खाना खाकर घर में सो गए थे। गुरुवार की सुबह जब गार्ड उनके घर पहुंचा तो दरवाजा दोनों तरफ से बंद था। किसी तरह से झांक कर देखा तो पाया कि राजेश्वर और उनकी पत्नी की हत्या कर दी गई है। इसकी सूचना तत्काल उन्होंने आसपास के लोगों व पुलिस प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस व डीएसपी सुरजीत कुमार मौके पर पहुंचे। थोड़ी देर बाद पलामू के एसपी चंदन सिन्हा भी पहुंच गए। फिलहाल पुलिस गार्ड से पूछताछ कर रही है।

पलामू एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने कहा कि घटनास्थल को देखने से प्रतीत होता है कि अपराधियों ने हत्या के इरादे से ही घटना को अंजाम दिया है। अलमारी और लॉक तोड़े हुए हैं, पुलिस सभी बिंदुओं पर अनुसंधान कर रही है। एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने कहा कि मामले में एसआइटी का गठन किया गया है और रांची से एसएसएल की टीम को बुलाया गया है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।